रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि 9 महीने में पहली बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में वार्ता की टेबल पर बैठे। इसके बाद अब सबकी निगाहें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अमेरिकी वार्ताकार जेरेड कुशनर और विटकॉफ के साथ मुलाकात के नतीजों पर है। अबू धाबी वार्ता को लेकर रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव (Sergei Ryabkov) ने RT से एक्सक्लूसिव बातचीत की और कई अहम मसलों पर रुख स्पष्ट किया।
पिछली मुलाकात से ये वार्ता कितनी अलग?
9 महीने पहले फरवरी में रूस और यूक्रेन के बीच हुई मीटिंग से अबू धाबी बैठक किस तरह से अलग थी, इस सवाल पर रयाबकोव ने कहा कि पहली बात तो यह कि अमेरिकी प्रतिनिधियों ने चर्चा को पहले की तुलना में अधिक ठोस रूप देने का प्रयास किया। दूसरी बात यह कि इस बार हमने मुख्य रूप से यूरोपीय क्षेत्र और मौजूदा संघर्ष से सटे इलाकों में एक नया 'सुरक्षा ढांचा' बनाने की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया। ऐसा ढांचा जो भविष्य में होने वाले किसी भी समझौते को टिकाऊ बनाए और तनाव-टकराव के मौजूदा माहौल को बदलकर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की स्थिति पैदा कर सके।
उन्होंने कहा कि इस समय दोनों पक्षों के बीच 'विश्वास बहाली' की बात करना गलत होगा, हम इस मुद्दे को उस नजरिए से नहीं देखते। लेकिन दो दिन की चर्चाओं को देखते हुए कहा जा सकता है कि अगर सही राजनीतिक इच्छाशक्ति हो, तो ऐसा व्यावहारिक ढांचा तैयार करना संभव है जो बिना किसी भ्रम के काम कर सके और अनियंत्रित तनाव को भी रोक सके।
उप विदेश मंत्री ने कहा कि क्रेमलिन में राष्ट्रपति पुतिन की अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत होनी है। मुझे यकीन है कि राष्ट्रपति उन्हें हमारे बुनियादी आकलन से अवगत कराएंगे। इसके बाद ये अमेरिका का काम होगा कि वह अपने सहयोगियों को सही रास्ते पर लाएं, जिनमें यूरोपीय साथी भी शामिल हैं।
सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि यूरोपीय साथी फिलहाल समझदारी दिखाने की कोई इच्छा नहीं दिखा रहे हैं। इसके बजाय, वे कीव (यूक्रेन) को हर तरह की मदद देकर, तनाव और टकराव को और भड़काने पर तुले हुए हैं।
'अमेरिका के विचारों का भी समर्थन नहीं करते यूरोपीय देश'
शांतिवार्ता में पश्चिमी यूरोप की भूमिका पर उप विदेश मंत्री सर्गेई ने कहा कि जो यूरोपीय देश इस प्रक्रिया में शामिल होने पर जोर दे रहे हैं, वे स्पष्ट रूप से खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। वे उन तरीकों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं जिनका हम समर्थन करते हैं और जिन पर हम लगातार और दृढ़ता से काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे आकलन के अनुसार, सिर्फ हमारी अप्रोच के प्रति ही नहीं, अमेरिकी प्रशासन की तरफ से रखे गए विचारों के प्रति भी उनका (यूरोपीय देशों का) रवैया उतना ही नकारात्मक है।
उप विदेश मंत्री ने कहा कि यहां नजरिए में बहुत बड़ा गैप है, इसलिए बातचीत की प्रक्रिया में यूरोपीय देशों को शामिल करने का मतलब उन कोशिशों पर काफी हद तक पीछे हटना और उन प्रयासों का विफल हो जाना हो सकता है, जिनमें फिलहाल कुछ सकारात्मक संभावनाएं मौजूद हैं और जिन्हें अभी नकारा नहीं जा सकता।
अबू धाबी में हर मुमकिन तरीके से बात हुई
रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई ने कहा कि अबू धाबी में जो बातचीत हुई, उसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन मैं इतना बता सकता हूं कि पूरे एजेंडे पर अलग-अलग तरीकों से विस्तारपूर्वक काम किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों की आमने-सामने वार्ता हुई, छोटे समूहों में बातचीत की गई। इसके अलावा पूर्ण सत्रों में भी चर्चा हुई। समाधान निकालने के लिए जितने भी तरीके सही हो सकते थे, उन सबका इस्तेमाल किया गया। इस बारे में कोई शक नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अबू धाबी में जो रूपरेखा तैयार की गई, उसमें निश्चित रूप से कुछ ऐसी बातें हैं जिन पर हमें आपत्ति है, ऐसा होना स्वाभाविक भी है। लेकिन इसके साथ ही, एक बार जो हमें दिखी वह यह कि दूसरी तरफ से भी कोई समाधान खोजने की कोशिश या पहल हो रही है, इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मुझे उम्मीद है कि इससे मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि 9 महीने पहले के मुकाबले बातचीत में प्रगति हुई है। इस सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन हमें ध्यान रखना होगा कि अतीत में भी ऐसे मौके आए हैं जब कुछ सहमतियां बनी थीं, लेकिन फिर पीछे हो गईं। जो कुछ हाथ में आता दिख रहा था, उसे बर्बाद कर दिया गया। मैं चाहूंगा कि वैसा दोबारा न हो।
'पहले की तरह चीजें पटरी से न उतरें'
रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई ने कहा कि मुझे लगता है कि 9 महीने पहले के मुकाबले बातचीत में प्रगति हुई है। इस सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन हमें ध्यान रखना होगा कि अतीत में भी ऐसी रुकावटें आई हैं, चीजें पीछे भी गई हैं, और जो लक्ष्य पहुंच के भीतर लग रहे थे, उन्हें भी विफल कर दिया गया। मैं नहीं चाहूंगा कि ऐसा दोबारा हो। मुझे उम्मीद है कि जिन लोगों ने पहले चीज़ों को पटरी से उतारने का काम किया था, वे अब यह समझेंगे कि जमीनी हालात कीव के पक्ष में नहीं बदल रहे हैं।
उप विदेश मंत्री ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि वे (दूसरा पक्ष) अतीत की घटनाओं से सबक लेंगे। अंततः उन्हें अपनी व्यावहारिक कार्यप्रणाली और नीतियों को अपने उन बयानों के अनुरूप बनाना होगा, जिनमें वे कहते हैं कि वे किसी समझौते के पक्ष में काम कर रहे हैं। सबसे बड़ा अंतर यहीं पर हैं, और ये अंतर यूरोपीय देशों के पाखंड और झूठ की वजह से है।
अबू धाबी वार्ता में यूरोप के भविष्य पर चर्चा और नाटो के प्रतिनिधि के शामिल होने का क्या ये मतलब है कि हम उन वजहों पर बात करने की तरफ बढ़ रहे हैं जिनकी वजह से यह संघर्ष शुरू हुआ था? इस सवाल पर रूस के उप विदेश मंत्री ने कहा कि बेशक इस पर भी चर्चा हुई। इसके बिना बात आगे नहीं बढ़ सकती थी। नाटो के यूरोपीय कमांडर ग्रिनकेविच भी मौजूद थे। हमारे सैन्य प्रतिनिधि भी वहां थे।