22 गज के किस्से: W,W,W... अपने इस खास रिकॉर्ड को याद क्यों नहीं करना चाहते इरफान पठान?

पाकिस्तान के खिलाफ इरफान पठान की हैट्रिक की चर्चा 22 साल बाद भी खूब होती है। तब इरफान ने कराची में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली थी। टॉप के तीन बल्लेबाजों को उन्होंने क्लीन बोल्ड किया था। 22 गज के किस्से में आज बात बर्थडे बॉय इरफान पठान की।

साल 2003-04 की बात थी। भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर जा रही थी। उस समय के दिग्गज गेंदबाज जहीर खान चोटिल थे। ऐसे में टीम में 19 साल के एक तेज गेंदबाज को जगह मिली। उसकी रफ्तार और स्विंग की क्रिकेट के गलियारों में खूब चर्चा हो रही थी। दौरे में टेस्ट के साथ वनडे सीरीज भी थी। टेस्ट सीरीज में इस गेंदबाज के खाते में विकेट भले ही कम रहे, पर अपनी स्विंग और पेस से उसने टीम मैनेजमेंट को प्रभावित कर दिया। टेस्ट में गिलक्रिस्ट, हेडन जैसे धुरंधर बल्लेबाजों के विकेट चटकाए। वनडे में तो धमाल ही मचा दिया। वनडे ट्राई सीरीज थी, 10 मैचों में 16 विकेट लेकर 19 साल के इस युवा गेंदबाज ने अपनी पहचान बना ली थी-

नाम- इरफान पठान

लेकिन बहुत कम लोगों को मालूम होगा कि इरफान तब के कप्तान सौरव गांगुली की प्लेइंग इलेवन में थे ही नहीं। इरफान ने खुद इसका खुलासा किया था।

IRFAN
मुझे याद है दौरे के अंत में दादा (गांगुली) ने भी मुझसे कहा था-इरफान, शायद तुम्हें पता न हो, लेकिन मैं तुम्हें इस दौरे की टीम में नहीं चाहता था। मैंने चयन बैठक के दौरान मना कर दिया था। ऐसा इसलिए नहीं था कि मैंने तुम्हारी गेंदबाजी देखी थी, बल्कि मैं ऑस्ट्रेलिया जैसे बेहद कठिन दौरे पर किसी 19 साल के युवा खिलाड़ी को नहीं ले जाना चाहता था।
इरफान पठान
इरफान पठान
पूर्व तेज गेंदबाज

इसके बाद साल 2004 में भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे पर जाने से पहले जावेद मियांदाद ने कहा था, 'इरफान पठान जैसे गेंदबाज तो पाकिस्तान की हर गली में मिल जाते हैं।' 

फिर इसी 'गली के गेंदबाज' ने पाकिस्तानी टीम के घर में जो इतिहास बनाया, उसे आज भी करोड़ों फैंस बार-बार रिप्ले करके देखते हैं। क्या था वो कारनामा, क्यों इस कीर्तिमान को हासिल करने के बाद भी पठान इसे याद नहीं करना चाहते।

आज इरफान पठान का जन्मदिन है। 27 अक्टूबर 1984 को गुजरात के वडोदरा में जन्मे इरफान आज 42 साल के हो गए। '22 गज के किस्से' सीरीज के नए एपिसोड में बात इरफान के हैट्रिक की।

तीन गेंदें, तीन विकेट, इरफान ने हिला दिया था टॉप ऑर्डर

आज से 22 साल पहले भारतीय टीम पाकिस्तान के दौरे पर गई थी। सीरीज के पहले दो टेस्ट ड्रॉ रहे। तीसरा टेस्ट कराची में था। पाकिस्तान की पहली बैटिंग, क्रीज पर सलमान बट और बॉल इरफान पठान के हाथ में। पहली तीन गेंदें तो डॉट निकलीं। चौथी गेंद इरफान के हाथ से छूटी और पड़ते ही सलमान बट कुछ समझ पाते, बॉल बल्ले से लगकर स्लिप पर खड़े फिल्डर के हाथों में समा गई। सलमान के साथ पूरा पाकिस्तान हैरान कि ये हुआ क्या।

स्कोर शून्य और एक विकेट आउट, इसके बाद क्रीज पर आए यूनुस खान, ओवर की पांचवी गेंद, फिर बॉल घूमी, जमीन पर पड़ते ही यूनुस का विकेट ले गई। 2 गेंद पर 2 विकेट, इरफान इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े थे।

ओवर की अंतिम गेंद लेकर पठान फिर दौड़े और क्रीज पर खड़े नए बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को फिर हवा नहीं लगी। गेंद फिर सेम पैटर्न से अंदर घुसते हुए यूसुफ का विकेट चटका गई। इरफान ने पाकिस्तान की धरती पर मियांदाद को बता दिया था कि यह गली का गेंदबाज क्या कर सकता है।

पर उस लम्हे को याद क्यों नहीं करना चाहते पठान?

इरफान पठान टेस्ट की पहली पारी में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज थे। ओवरऑल देखें तो हरभजन सिंह के बाद वह दूसरे ऐसे भारतीय गेंदबाज थे जिन्होंने टेस्ट में हैट्रिक ली थी, मगर पठान इस मैच को याद नहीं करना चाहते।

इरफान पठान कहते हैं,

'मैं उसके बारे में ज्यादा बात नहीं करता। मैं T20 वर्ल्ड कप फाइनल के बारे में खुशी से बात करता हूं।'

इरफान ने एक बार बताया कि सचिन तेंदुलकर ने इस कीर्तिमान पर उनके पास ड्रेसिंग रूम में आकर कहा था कि क्या उन्हें पता है यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इरफान ने जवाब दिया,

“नहीं पाजी, मुझे कोई आइडिया नहीं था।”

इरफान के इस खास लम्हे को याद न करने के पीछे उस कराची टेस्ट की हार थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 245 रन बनाए थे, भारत 238 पर सिमट गया था। पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 599 रन बनाए और भारत 265 रनों पर सिमट गया था। टीम इंडिया पारी और 341 रनों के बड़े अंतर से हार गई थी।

इरफान पठान का करियर

फिलहाल कहां बिजी हैं इरफान पठान?

इरफान पठान इस समय कमेंट्री करते हैं। हिंदी कमेंट्री के पैनल में उनके साथ आकाश चोपड़ा, सुनील गावस्कर, दिनेश कार्तिक, जतिन सप्रू सहित तमाम दिग्गज होते हैं। इरफान पठान ने 4 जनवरी 2020 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी। तब वह 35 साल के थे। उन्होंने Star Sports के एक शो में कहा,

“आज मैं क्रिकेट को अलविदा कह रहा हूं, जिसके बारे में मैंने दिन-रात सोचा।”

उन्होंने फैंस, कोच और साथियों का धन्यवाद दिया और कहा कि अब उनका अगला सफर शुरू हो रहा है। इरफान ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2012 में खेला था। इसके बाद वह कई साल कमिंगबैक की कोशिश करते रहे, लेकिन 2020 में घरेलू क्रिकेट समेत सभी फॉर्मेट को अलविदा कह दिया।