आसमान में उछाली इंसान की बनाई वो चीज, जो पहली बार इतनी दूर गई है

पृथ्वी से निकलकर एक मशीन करीब 49 साल से लगातार सफर कर रही है। अब यह एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गई है, जो स्पेस की विशालता को समझने का नया नजरिया दे सकती है।

26000000000

इस नंबर में कितने जीरो हैं?

इसमें इतने जीरो हैं कि गिनते-गिनते आप उलझ सकते हैं। एक नजर में इस पूरे नंबर को समझ पाना भी आसान नहीं है।

लेकिन इस नंबर का मतलब क्या है?

यह उस दूरी को बताता है, जिसे तय करने में प्रकाश यानी लाइट को भी पूरे 24 घंटे लगते हैं। वह रोशनी, जो ब्रह्मांड में सबसे तेज स्पीड से सफर करती है। अब इस दूरी को किलोमीटर में समझने की कोशिश कीजिए। करीब 26 अरब किलोमीटर!

पृथ्वी से इतनी दूर इंसान की बनाई एक मशीन पहुंच चुकी है। इसका नाम है Voyager 1, ये एक स्पेसक्राफ्ट (Spacecraft) है, जो करीब 49 साल से अंतरिक्ष में सफर कर रहा है। 18 नवंबर 2026 को पृथ्वी से एक लाइट-डे (Light-day) की दूरी पर पहुंच गया।

मानव इतिहास में पहली बार है, जब इंसान की बनाई कोई चीज पृथ्वी से इतनी दूर पहुंची। लेकिन एक लाइट-डे होता क्या है? Voyager 1 इस मुकाम तक कैसे पहुंचा? और हमारे सोलर सिस्टम (Solar System) के ग्रहों की दूरियां इसके मुकाबले कितनी छोटी या बड़ी हैं? आइए, समझते हैं।

क्या होता है एक लाइट-डे?

लाइट-डे का मतलब है वह दूरी, जितनी दूरी रोशनी 24 घंटे में तय करती है। लाइट की स्पीड करीब 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड होती है। ये इतनी तेज है कि एक सेकंड में ही पृथ्वी के चारों तरफ लगभग साढ़े सात चक्कर लगा सकती है। इसी रफ्तार से अगर लाइट एक सीधी रेखा में लगातार 24 घंटे चले, तो करीब 25.9 अरब किलोमीटर की दूरी तय करेगा। यही एक लाइट-डे है।

इसे एक उदाहरण से समझिए। पृथ्वी से चंद्रमा (Moon) की औसत दूरी करीब 3 लाख 84 हजार 400 किलोमीटर है। लाइट को वहां तक पहुंचने में सिर्फ 1.3 सेकंड लगते हैं। वहीं सूर्य (Sun) से पृथ्वी तक आने में सूरज की रोशनी को करीब 8 मिनट 20 सेकंड लगते हैं। यानी सूर्य हमसे लगभग 8.2 लाइट-मिनट दूर है।

Voyager 1 इतनी दूर क्यों गया?

Voyager 1 अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का एक मानवरहित अंतरिक्ष यान (Uncrewed Spacecraft) है। इसे 5 सितंबर 1977 को लॉन्च किया गया था। इसका शुरुआती मकसद सौरमंडल के बाहरी ग्रहों की स्टडी करना था। इसने 1979 में बृहस्पति (Jupiter) और 1980 में शनि (Saturn) के पास से उड़ान भरी। इस दौरान इन ग्रहों और उनके चंद्रमाओं की कई तस्वीरें और अहम जानकारियां धरती तक पहुंचाईं।

अपने शुरुआती मिशन के बाद यह लगातार अंतरिक्ष के बाहरी हिस्से की ओर बढ़ता चला गया। साल 2012 में Voyager 1 ने हेलियोस्फीयर (Heliosphere) की सीमा पार की। यह सूर्य से निकलने वाले आवेशित कणों (Charged Particles) और सौर हवा (Solar Wind) से बना एक विशाल क्षेत्र होता है। इसके पार शुरू होता है इंटरस्टेलर स्पेस (Interstellar Space)। आपने इसी नाम से हॉलीवुड फिल्म Interstellar शायद देखी होगी।

आसान भाषा में कहें तो यह दो तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का विशाल इलाका है। यानी अब Voyager 1 सूर्य के प्रभाव वाले क्षेत्र से आगे निकलकर तारों के बीच के अंतरिक्ष में सफर कर रहा है। इस तरह वह इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान है। 

आखिर इतनी दूर कैसे पहुंचा Voyager 1?

इसकी लंबी यात्रा के पीछे सिर्फ रफ्तार नहीं, बल्कि ग्रहों की गुरुत्वाकर्षण शक्ति (Gravitational Force) का भी योगदान रहा। Voyager 1 ने बृहस्पति और शनि जैसे विशाल ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण (Gravity) का इस्तेमाल किया। इसे ग्रैविटी असिस्ट (Gravity Assist) कहते हैं।

आसान भाषा में समझें तो जब कोई अंतरिक्ष यान किसी बड़े ग्रह के पास से गुजरता है, तो उसके गुरुत्वाकर्षण के कारण यान की गति और दिशा में बदलाव हो सकता है। इस तकनीक से अंतरिक्ष यान कम ईंधन खर्च करते हुए अपनी यात्रा को आगे बढ़ा सकता है।

इसके अलावा 1970 के दशक में बाहरी ग्रहों की स्थिति भी ऐसी थी कि Voyager मिशन के लिए उनका इस्तेमाल करना फायदेमंद रहा। फिलहाल Voyager 1 करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। इतने वर्षों से लगातार सफर करने की वजह से वह पृथ्वी से इतनी दूर पहुंचा है।

पृथ्वी से दूसरे ग्रह कितनी लाइट-दूरी पर हैं?

अंतरिक्ष में दूरी बहुत ज्यादा होती है, इसलिए वैज्ञानिक इसे समझाने के लिए लाइट को पैमाना बनाते हैं। ग्रहों की स्थिति बदलती रहती है, इसलिए उनके बीच प्रकाश को पहुंचने में लगने वाला समय भी बदलता है।

सूर्य से चंद्रमा तक रोशनी पहुंचने में करीब 8.2 मिनट लगते हैं। मंगल (Mars) तक पहुंचने में 3 से 22 मिनट, बृहस्पति (Jupiter) तक करीब 35 मिनट और शनि (Saturn) तक लगभग 1 घंटा 10 मिनट लगते हैं।

वहीं अरुण (Uranus) तक रोशनी को पहुंचने में करीब ढाई घंटे और हमारे सौरमंडल के सबसे दूर स्थित ग्रह वरुण (Neptune) तक पहुंचने में लगभग 4 घंटे 10 मिनट लगते हैं।

यानी सौरमंडल के आखिरी ग्रह तक की दूरी भी एक लाइट-डे से काफी कम है।

लाइट-डे और लाइट-ईयर में क्या अंतर है?

लाइट-डे और लाइट-ईयर (Light-year) दोनों दूरी मापने की इकाइयां हैं, समय की नहीं। लाइट-डे में प्रकाश 24 घंटे में जितनी दूरी तय करता है, जबकि लाइट-ईयर में एक साल में तय की गई दूरी मापी जाती है। एक लाइट-ईयर करीब 9.46 लाख करोड़ किलोमीटर होता है। यानी एक लाइट-डे से लगभग 365 गुना ज्यादा।

इससे अंतरिक्ष की विशालता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हमारे सौरमंडल के सबसे नजदीकी पड़ोसी स्टार सिस्टम (Star System) का हिस्सा प्रॉक्सिमा सेंटॉरी (Proxima Centauri) करीब 4.24 लाइट-ईयर दूर है। वहीं हमारी आकाशगंगा मिल्की वे (Milky Way) के पास मौजूद एंड्रोमेडा गैलेक्सी (Andromeda Galaxy) करीब 25 लाख लाइट-ईयर दूर है।

5 हजार लाइट-ईयर दूर से आ रहे रहस्यमयी रेडियो सिग्नल

इन दिनों सोशल मीडिया पर अंतरिक्ष से आ रहे रहस्यमयी रेडियो सिग्नल की भी खूब चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि खगोलविदों (Astronomers) ने करीब 5,000 लाइट-ईयर दूर इन सिग्नल्स के सोर्स खोजे हैं। ये सिग्नल एक खास जोड़ी से आ रहे हैं, जिसमें एक मृत तारा यानी व्हाइट ड्वार्फ (White Dwarf) और सूर्य जैसा एक दूसरा तारा शामिल है। व्हाइट ड्वार्फ हर आठ मिनट में एक चक्कर पूरा करता है और इसी दौरान रेडियो पल्स (Radio Pulses) भेजता है। इस खोज से वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष में मिलने वाले रहस्यमयी रेडियो सिग्नल्स को समझने में मदद मिल सकती है।

Voyager 1 की यात्रा से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें

अब Voyager 1 पर लौटते हैं… इसकी कहानी सिर्फ उसकी दूरी तक सीमित नहीं है। इस यान में 12 इंच की सोने की परत चढ़ी एक डिस्क रखी गई है, जिसे गोल्डन रिकॉर्ड (Golden Record) कहते हैं। यह पृथ्वी का एक तरह का टाइम कैप्सूल (Time Capsule) है। इसमें पृथ्वी की तस्वीरें, प्राकृतिक आवाजें, संगीत और 55 भाषाओं में अभिवादन शामिल हैं, ताकि भविष्य में कोई दूसरी सभ्यता इसे खोजे तो उसे पृथ्वी और यहां के जीवन की झलक मिल सके।

गोल्डन रिकॉर्ड में भारत की भी आवाज

इस रिकॉर्ड में हिंदी, पंजाबी, गुजराती, बंगाली समेत कई भारतीय भाषाओं में अभिवादन दर्ज हैं। हिंदी में संदेश है- ‘इस दुनिया के निवासियों की ओर से नमस्कार।’ इसमें भारतीय शास्त्रीय संगीत (Indian Classical Music) को भी जगह मिली है। हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका केसरबाई केरकर (Kesarbai Kerkar) की आवाज में ‘जात कहां हो’ (Jaat Kahan Ho) की प्रस्तुति भी इस रिकॉर्ड का हिस्सा है। यानी Voyager 1 अपने साथ भारत की भाषाओं और संगीत की आवाज भी लेकर अंतरिक्ष में सफर कर रहा है।

सुदूर अंतरिक्ष से कैसी दिखती है पृथ्वी?

1990 में Voyager 1 ने पृथ्वी की एक तस्वीर ली थी, जिसे पेल ब्लू डॉट (Pale Blue Dot) नाम दिया गया। इसमें हमारा ग्रह अंतरिक्ष के विशाल अंधेरे में एक छोटे से नीले बिंदु जैसा दिखाई देता है। खगोलशास्त्री कार्ल सेगन (Carl Sagan) ने इस तस्वीर के जरिए बताया था कि ब्रह्मांड की विशालता के सामने हमारी पृथ्वी कितनी छोटी है। यही वह जगह है जहां इंसान और उसकी पूरी दुनिया मौजूद है।

करीब पांच दशक बाद भी Voyager 1 पृथ्वी पर वैज्ञानिक जानकारियां भेज रहा है। यह आसपास के चुंबकीय क्षेत्र (Magnetic Field), अंतरिक्ष में मौजूद कणों और कॉस्मिक किरणों (Cosmic Rays) से जुड़ा डेटा जुटाता है। इसका जुड़वां अंतरिक्ष यान Voyager 2 भी 1977 में लॉन्च हुआ था। उसने बृहस्पति और शनि के अलावा अरुण और वरुण का भी अध्ययन किया। Voyager 2 के नवंबर 2035 में एक लाइट-डे की दूरी पर पहुंचने की संभावना है।

अभी कहां जा रहा है Voyager 1?

Voyager 1 का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। यह Gliese 445 नाम के एक तारे की दिशा में बढ़ रहा है, जो पृथ्वी से 17 लाइट-ईयर से भी ज्यादा दूर है। हालांकि, वहां पहुंचना इसके मौजूदा मिशन का लक्ष्य नहीं है। अनुमान है कि करीब 40,000 साल बाद यह उस तारे के लगभग 1.7 लाइट-ईयर करीब से गुजरेगा।

यानी जिस दूरी को लाइट सिर्फ एक दिन में तय कर सकती है, उसे पार करने में Voyager 1 को करीब 50 साल लग रहे हैं। और एक लाइट-ईयर तक पहुंचने के लिए इसे अभी हजारों साल का सफर और तय करना होगा। अंतरिक्ष कितना विशाल है, इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: Explained: भारत की स्काईरूट कंपनी अपने रॉकेट से स्पेस में शीशे क्यों भेजने वाली है?