
सलमान, बॉलीवुड और वो...लॉरेंस बिश्नोई की आखिर दुश्मनी क्या है?
टाइगर श्रॉफ, तारीख- 18 अक्टूबर 2026।
रणवीर सिंह, तारीख- 10 फरवरी 2026।
रोहित शेट्टी, तारीख- 1 फरवरी 2026।
गुरु रंधावा, तारीख- 11 जून 2026।
नाम अलग, तारीखें अलग, जगहें अलग... लेकिन इन सबके बीच एक नाम ऐसा है, जो कॉमन कड़ी बनकर सामने आता है। लॉरेंस बिश्नोई। एक ऐसा नाम, जिसकी चर्चा अब सिर्फ गैंगस्टर की दुनिया तक सीमित नहीं है, बल्कि बॉलीवुड के गलियारों से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों तक सुनाई देती है।
उम्र महज 33 साल। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में आम कद-काठी का नौजवान। लेकिन नाम ऐसा कि बड़े-बड़े सितारों की सुरक्षा तक सवालों के घेरे में आ जाती है। गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई पर पहरे की कई परतें हैं। जेल के भीतर से गैंग चलाने और बाहर अपने नेटवर्क के जरिए खौफ कायम रखने के आरोप उसे लगातार सुर्खियों में रखते हैं।
उसके नाम से चलता है एक गैंग- लॉरेंस बिश्नोई गैंग। दावा किया जाता है कि इसके गुर्गे अलग-अलग जगहों पर फैले हैं। किसी पर हमला होता है, गोली चलती है या किसी को धमकी मिलती है, तो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने वाले मैसेज सामने आने लगते हैं, लेकिन इन संदेशों और धमकियों ने लॉरेंस के नाम के इर्द-गिर्द डर का एक ऐसा घेरा जरूर बना दिया है, जिसे नजरअंदाज करना आसान नहीं।
और अब इस कहानी के सेंटर में है बॉलीवुड। खास तौर पर सलमान खान यानी 'भाईजान'।
लॉरेंस और सलमान के बीच दुश्मनी की कहानी कोई कल-परसों की नहीं है। इसकी एक अहम कड़ी साल 2018 में सुनाई दी थी। तब लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर कहा था,

सवाल उठता है कि जो गैंग अपने बयानों में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को निशाना बनाने की बात करता है, उसके निशाने पर बॉलीवुड का सुपरस्टार सलमान खान क्यों है? क्या यह सिर्फ एक धमकी है, पुरानी दुश्मनी का हिसाब है या इसके पीछे कोई ऐसी कहानी है, जिसकी परतें सालों से खुलती आ रही हैं?
और कहानी यहीं खत्म नहीं होती।
अगर अदावत सलमान खान से है, तो रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी, टाइगर श्रॉफ और गुरु रंधावा जैसे नाम इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा में क्यों आते हैं? क्या लॉरेंस गैंग का संदेश सिर्फ सलमान तक पहुंचाना है, या बॉलीवुड के बाकी लोगों को भी डराने की कोशिश की जा रही है? गैंग से जुड़े लोगों की धमकियों में सलमान के साथ काम करने वालों को भी निशाना बनाने की बात सामने आती रही है।
सलमान पर हमले की कब-कब हुई कोशिशें?
- पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, 2018-19 में सलमान को मारने की दो बार कोशिश की गई थी।
- जून 2022 में उनके घर के सामने एक बेंच पर सलमान और सलीम खान को धमकी देने वाला एक पत्र मिला था।
- जुलाई 2022 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि बिश्नोई ने उनसे कहा था कि जब तक सलमान काले हिरण के शिकार के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक उनके समाज के लोग उन्हें माफ नहीं करेंगे।
- मार्च 2023 में सलमान खान के मैनेजर प्रशांत गुंजालकर ने धमकी भरे ईमेल को लेकर मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सलमान का कोलकाता शो टाल दिया गया था।
- जनवरी 2024 में पनवेल में सलमान के फार्महाउस में घुसने की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
- साल 2024 में सलमान खान को मारने के इरादे से आए दो हमलावरों ने उनके बांद्रा वाले घर पर फायरिंग की थी।
सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है बिश्नोई गैंग?
इस सवाल का जवाब जानने के लिए आपको 28 साल पीछे जाना होगा। साल 1998, सितंबर-अक्टूबर का महीना था। 'हम साथ-साथ हैं' फिल्म की शूटिंग चल रही थी। स्टराकास्ट में सलमान खान, सोनाली बेंद्रे, सैफ अली खान जैसे दिग्गज एक्टर थे। तीनों अपने बाकी कलाकारों के साथ जोधपुर के पास मथानिया के बावड़ में अपने साथी कलाकारों के साथ काले हिरण का शिकार किया था।
काला हिरण बिश्नोई समाज के लिए कितना पूजनीय है, यह किसी से छिपा नहीं है। बिश्नोई समाज ने काले हिरण का शिकार करने पर सलमान और उनके साथी कलाकारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लुप्तप्राय वन्यजीवों के शिकार के मामले में सलमान को गिरफ्तार किया गया और बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
इन सबमें लॉरेंस कहां से आया? लॉरेंस ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि जब सलमान खान ने काले हिरण का शिकार किया तब मैं 5 साल का था और मैंने तभी से सलमान को मारने का संकल्प ले लिया था।
सलमान खान ने सचमुच में किया था काले हिरण का शिकार?
इसका जवाब सिर्फ सलमान खान जानते हैं। हालांकि 2008 में एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ तौर पर इससे इनकार कर दिया था। इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में सलमान ने कहा था,
जब होस्ट ने पूछा कि अगर उन्होंने गोली नहीं चलाई, तो उन्होंने असली दोषी का नाम क्यों नहीं लिया? इस पर सलमान ने कहा था, “इसका कोई मतलब नहीं है।”
मशहूर एकंर और होस्ट सिमी ग्रेवाल ने भी एक बार अपनी एक एक्स पोस्ट में सलमान को पाक साफ करार देते हुए कहा था,
'एक बात को लेकर मैं पूरी तरह पक्की हूं… सलमान खान कभी भी किसी जानवर को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। वह उनसे बहुत प्यार करते हैं। असली गुनहगार का पर्दाफाश होना चाहिए। किसी और के गुनाहों का बोझ उठाने के लिए 20 साल बहुत लंबा वक्त होता है।'
इस एक्स पोस्ट में सिमी ने किसी का नाम नहीं लिया था पर यह संकेत दिया कि असली गुनहगार कोई और है। सलमान खान के पिता सलीम खान ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि मेरे बेटे ने आजतक एक मक्खी तक नहीं मारी, वो क्या किसी को मारेगा। वह जानवरों से बहुत प्रेम करता है।
इस केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
सितंबर-अक्टूबर 1998: जोधपुर में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान दो काले हिरणों और चिंकारा के अवैध शिकार का आरोप लगा। स्थानीय बिश्नोई समाज ने शिकायत दर्ज कराई।
अक्टूबर 1998: सलमान खान को पहली बार गिरफ्तार किया गया और उन्हें कुछ दिन जोधपुर जेल में बिताने पड़े, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई। उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
फरवरी 2006: चिंकारा शिकार मामले में एक निचली अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 1 साल की सजा सुनाई।
अप्रैल 2007: एक अन्य चिंकारा मामले (मथानिया केस) में कोर्ट ने सलमान को 5 साल की जेल की सजा सुनाई। सलमान ने इसके खिलाफ हाई कोर्ट में अपील की।
जुलाई 2016: राजस्थान हाई कोर्ट ने सलमान खान को बड़ी राहत दी। कोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें दोनों चिंकारा शिकार मामलों से पूरी तरह बरी कर दिया।
जनवरी 2017: जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार) मामले में भी बरी कर दिया, क्योंकि पुलिस यह साबित नहीं कर पाई कि उनके हथियारों का लाइसेंस खत्म हो चुका था।
5 अप्रैल 2018: जोधपुर की विशेष ट्रायल कोर्ट ने सबसे मुख्य 'कांकाणी काला हिरण शिकार मामले' में सलमान खान को दोषी करार देते हुए 5 साल की जेल और 10,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
इसी फैसले में कोर्ट ने संदेह का लाभ देते हुए सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम को सभी आरोपों से बरी कर दिया।
7 अप्रैल 2018: जोधपुर सेंट्रल जेल में दो रातें बिताने के बाद सलमान खान को जिला एवं सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई और वे जेल से बाहर आ गए।
फिलहाल केस अदालत में चल रहा है पर सलमान इस केस से पूरी तरह बरी नहीं हुए हैं।
जेल से कैसे काम करता है बिश्नोई गैंग?
लॉरेंस बिश्नोई साबरमती जेल में बंद है, जबकि उसके भाई अनमोल बिश्नोई को पिछले साल एनआईए (NIA) ने गिरफ्तार किया था, वह तिहाड़ जेल में बंद है। उसकी चार्जशीट के अनुसार, बिश्नोई जेल के अंदर से ही गैंग का पूरा कामकाज चलाता है। वह जेल के भीतर से नेटवर्क चलाने में बेहद माहिर है।

एक पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने एक निजी चैनल को बताया,
”खबरों के मुताबिक वह गैंग के सदस्यों से संपर्क बनाए रखने और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मोबाइल फोन और इंटरनेट आधारित डिवाइस का इस्तेमाल करता है। कहा जाता है कि बिश्नोई ही निर्देश जारी करता है, निशाने तय करता है और हमलों की पूरी रणनीति बनाता है। जेल में रहने से उसे एक ढाल भी मिल जाती है और एक हद तक सीधी कार्रवाई से सुरक्षा भी।”
बॉलीवुड की इन हस्तियों को बनाया निशाना
ताजा मामला टाइगर श्रॉफ का है। 18 अक्टूबर 2026, रविवार की शाम टाइगर एक स्पोर्ट्स इवेंट से लौटे और बाहर कार से निकलते ही उनपर फायरिंग हो गई। तीन शूटर्स आए और उनमें दो ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि टाइगर बाल-बाल बच गए। उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई। शूटर्स लॉरेंस गैंग के ऑपरेटिव अनिल पंडित ने भेजे थे। हमले की प्लानिंग 2.5 महीने पहले बनी, रेकी हुई और 18 की शाम घटना को अंजाम दे दिया गया। बाद में जांच में पता चला कि लॉरेंस के निशाने पर सलमान ही थे पर कड़ी सुरक्षा और बॉलीवुड में दहशत फैलाने के लिए टारगेट टाइगर पर शिफ्ट हो गया। अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Quote
जून 2026: पश्चिम दिल्ली के पश्चिम विहार में सुबह करीब 4 बजे 24HS फिटनेस जिम के बाहर गोलीबारी की घटना हुई। इसके मालिक गुरु रंधावा हैं।
1 फरवरी 2026 को रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर पर गोलीबारी की घटना हुई थी। हालांकि रोहित और परिवार के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई।
10 फरवरी 2026: रणवीर सिंह के स्टाफ को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की मांग करने वाला एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था।
2025 में तीन बार अज्ञात हमलावरों ने कनाडा में कपिल शर्मा के रेस्तरां पर गोलियां चलाईं। कैफे शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद 10 जुलाई को पहली बार फायरिंग हुई। इसके बाद 7 अगस्त और फिर अक्टूबर में गोलीबारी की घटनाएं हुईं। अक्टूबर में कपिल के कैफे पर करीब 9 से 10 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से कम से कम 6 गोलियां उसकी दीवारों और खिड़कियों पर लगीं। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
बिश्नोई के साथी हैरी बॉक्सर की एक ऑडियो क्लिप में धमकी दी गई,
“अगर कोई भी सलमान के साथ काम करेगा, चाहे वह छोटा एक्टर हो या छोटा डायरेक्टर, हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। हम उन्हें मार देंगे। उन्हें मारने के लिए हम किसी भी हद तक जाएंगे।”
अक्टूबर 2024 में बांद्रा में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस ने उस समय बताया था कि बाबा सिद्दीकी की हत्या अनमोल बिश्नोई के कहने पर की गई थी, क्योंकि उनके सलमान खान के साथ बेहद करीबी रिश्ते थे और इसका मकसद बिश्नोई गैंग का दबदबा कायम करना था।
क्या मुंबई में लौट रहा 90 का वो अंडरवर्ल्ड दौर?
पहली नजर में तो देखने पर ऐसा ही लगता है। हमलों की खुलेआम जिम्मेदारी लेने का यह तरीका 1990 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड की याद दिलाता है, जब गैंगस्टर टीवी पर इंटरव्यू देकर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते थे और अपने निशाने पर आए लोगों के बारे में खुलकर बात करते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामी हस्तियों को निशाना बनाने से तुरंत मीडिया का ध्यान और आम लोगों की उत्सुकता मिल जाती है। एक अधिकारी ने कहा, “सलमान खान, टाइगर श्रॉफ, कपिल शर्मा या रोहित शेट्टी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। जब बॉलीवुड की ऐसी जानी-मानी और बड़ी हस्तियों को निशाना बनाया जाता है, तो इससे अपने दबदबे का अहसास कराने और मीडिया के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बात पहुंचाने का मकसद तुरंत पूरा हो जाता है।”