धरती से लेकर पाताल और आकाश से लेकर अंतरिक्ष तक भारत-रूस की गहरी दोस्ती रही है। भारत को सैन्य रूप से ताकतवर बनाने में ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनाने में भी रूस की भूमिका यादगार है। अब इसमें एक नई कड़ी जुड़ने जा रही है। रूस ने भारत को अत्याधुनिक ड्रोन टेक्नोलॉजी देने के संकेत दिए हैं। बात आगे बढ़ी तो भारत में ड्रोन्स की मैन्यूफैक्चरिंग भी शुरू हो सकती है। ये भारत के लिए कितना मददगार साबित हो सकता है, एक्सपर्ट्स से समझिये।
रूस की ये डील है क्या?
रूस की एक यूनिवर्सिटी और एक रिसर्च सेंटर ने इस ड्रोन टेक्नोलोजी ट्रांसफर डील की पहल की है। समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, रूस की टॉम्स्क स्टेट यूनिवर्सिटी (TSU) के रेक्टर (प्रमुख) एडवर्ड गलाज़िंस्की ने इंडस्ट्री कोड कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी।उन्होंने बताया कि TSU और टॉम्स्क क्षेत्र का रिसर्च एंड प्रोडक्शन सेंटर फॉर अनमैन्ड एयरक्राफ्ट सिस्टम्स (RPC UAS) मिलकर यह तकनीक भारत को सौंपेंगे।
RPC UAS कितना खास है?
यह RPC UAS सेंटर यूराल पर्वत श्रृंखला के पार सबसे बड़ा ड्रोन अनुसंधान एवं विकास केंद्र है। इसकी शुरुआत पिछले साल फरवरी में एक राष्ट्रीय परियोजना के तहत की गई थी। अब यही केंद्र भारत को अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक देगा।
इसे केंद्र और राज्य सरकारों से आर्थिक सहायता मिलती है। यह एक विशेष क्षेत्रीय प्रयोगात्मक कानूनी व्यवस्था के तहत काम करता है, जिसे ड्रोन परीक्षण की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
'ड्रोन टेक्नोलॉजी भारत के लिए बहुत जरूरी'
रिटायर्ड मेजर जनरल संजय सोई ने RT से बातचीत में कहा कि आज का दौर ड्रोन, मिसाइल और रॉकेट का है। कई हालिया संघर्षों में हमने ड्रोन का इस्तेमाल देखा है। जब रूस भारत को इसकी टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करने की बात कर रहा है तो यह बड़ी बात है। खासतौर पर जब भारत की विचारधारा आत्मनिर्भरता की ओर है।
उन्होंने कहा कि दूसरी बात ये है कि रूस-भारत के संबंध बहुत पुराने, अटूट और भरोसेमंद हैं। इनकी दोस्ती समय की कसौटी पर परखी हुई है। हथियार के क्षेत्र में भारत-रूस के पहले ही कई जॉइंट वेंचर चल रहे हैं, चाहे वह ब्रह्मोस हो, फाइटर क्रॉफ्ट हो, टैंक हो या एयरडिफेंस सिस्टम हों, भारत के ज्यादातर हथियार रूसी हैं। अब यह ड्रोन टेक्नोलॉजी भारत और रूस के बीच एक और मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि रूस ने अपने अनुभव से ड्रोन सिस्टम में बहुत महारत हासिल की है। यह ड्रोन टेक्नोलॉजी आत्मनिर्भरता की दिशा में बहुत बड़ा कदम साबित होगी। हमें सप्लाई चेन की भी कोई समस्या नहीं रहेगी।
भारत-रूस के बीच जल्द हो सकती डील
TASS की रिपोर्ट के अनुसार, जल्द ही भारत को यह ड्रोन तकनीक दी जा सकती है। मानवरहित हवाई वाहन (UAV/ड्रोन) की तकनीक देने और भारत में एक निर्माण फैक्ट्री स्थापित करने के लिए समझौते की तैयारी हो रही है। बदले में टॉम्स्क स्टेट यूनिवर्सिटी और RPC UAS को भारत से रॉयल्टी मिलेगी।
TSU) के रेक्टर गलाज़िंस्की ने कहा, “इस मानवरहित सिस्टम के उत्पादन और इसकी तकनीक देने के साथ-साथ भारत में फैक्ट्री लगाने के लिए हमारे भारतीय सहयोगी फंड देने को तैयार हैं। विश्वविद्यालय और यूएएस अनुसंधान एवं उत्पादन केंद्र उन्हें तकनीकी समाधानों का पूरा पैकेज सौंपेंगे और बदले में रॉयल्टी प्राप्त करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि अब हमें भारतीय पक्ष के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की ज़रूरत है। हालांकि भारत की तरफ से इसमें कौन साझेदार होगा जैसी जानकारियों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
गलाज़िंस्की ने कहा कि इस डील से टॉम्स्क के संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक महत्वपूर्ण पहुंच मिलेगी, जिससे स्थानीय कर्मचारियों के प्रशिक्षण और उत्पादन विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी।
'भारत की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी'
रिटायर्ड मेजर जनरल एके सिवाच ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि आज के समय में ड्रोन पूरी दुनिया में बहुत बड़ा प्लेयर बनकर उभरा है। रूस-यूक्रेन संघर्ष से लेकर आर्मीनिया-अजरबैजान में भी यही हुआ था। अजरबैजान की विजय का श्रेय उसे तुर्की और इजरायल से मिले ड्रोन को जाता है। इसी तरह मध्य-पूर्व में ड्रोन ने बड़ा रोल अदा किया है। अमेरिका-ईरान युद्ध में भी यही हुआ।
ईरान ने ड्रोन हमले से बहुत बड़ी बढ़त हासिल की। आज की तारीख में भारत ज्यादातर हथियार रूस से खरीदता है, क्योंकि रूस लेटेस्ट टेक्नोलॉजी देता है।
अभी जो ड्रोन की बात की जा रही है, भारत और रूस जॉइंट प्रोडक्शन करेंगे। ये भारत में बनेंगे। हाई टेक्नोलॉजी ड्रोन बनेंगे। उनको डिटेक्ट करना मुश्किल होगा, वह ज्यादा पेलोड ले जाने में सक्षम होंगे। ये भारत के लिए आने वाले समय में गेमचेंजर साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि ये भारत की मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड पॉलिसी की ओर जा रहा है। भारत में रूसी टेक्नोलॉजी से बनने वाले ड्रोन बेहतरीन होंगे।
200 किलो तक पेलोड उठाने में सक्षम ड्रोन
फिलहाल इस केंद्र ने पहले ही 50-किलोवाट की रूस की पहली स्वदेशी ड्रोन मोटर को सफलतापूर्वक विकसित कर लिया है। इसकी क्षमता 200 किलोग्राम तक का वजन (पेलोड) उठाने तक की है। केंद्र ने ऐसे भारी-भरकम ड्रोनों की एक छोटी खेप भी तैयार कर ली है। इस केंद्र की क्षमताओं में शुरुआती डिज़ाइन और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग (3D प्रिंटिंग जैसी तकनीक) से लेकर अंतिम असेंबली और उड़ान परीक्षण तक सब कुछ शामिल है।