कांग्रेस और सपा के गठबंधन में क्या है पेच, मायावती बनेंगी गेमचेंजर?

यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा के गठबंधन में सीटों पर बातचीत जारी है। बड़ा सवाल है कि कांग्रेस आखिर कितनी सीटों पर समझौता करने को तैयार होगी।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन की संभावनाएं मजबूत हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच पेच फंसा हुआ है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं, लेकिन सीटों की संख्या और उन पर दावेदारी को लेकर सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है।

कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने की महत्वाकांक्षा रखती है, जबकि समाजवादी पार्टी गठबंधन में अपनी राजनीतिक और चुनावी बढ़त को बरकरार रखना चाहती है। ऐसे में दोनों पार्टियां प्लान-B पर भी काम कर रही हैं जो विधानसभा चुनाव में नए गठबंधन को सामने लाकर खड़ी कर सकती हैं।

कांग्रेस क्यों मांग रही अधिक सीटें?

कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने का खुलासा खुद अखिलेश यादव सार्वजनिक मंच से कर चुके हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी इस मांग को स्वीकार करने के मूड में नहीं है। दूसरी तरफ कांग्रेस का मानना है कि उत्तर प्रदेश में उसका राजनीतिक आधार पहले के मुकाबले मजबूत हुआ है और उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच बातचीत के लिए समन्वय समिति बनाने और 23, 24 तथा 25 नवंबर तक सीटों के बंटवारे पर कोई फॉर्मूला निकालने की कोशिश की जा रही है। लेकिन असली सवाल यह है कि कांग्रेस आखिर कितनी सीटों पर समझौता करने को तैयार होगी और अखिलेश यादव उसे कितनी सीटें देने के लिए राजी होंगे?

कांग्रेस की क्या है रणनीति?

कांग्रेस की राजनीतिक महत्वाकांक्षा अब उत्तर प्रदेश में अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल करने की है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि मुस्लिम और दलित मतदाताओं का बड़ा वर्ग फिर से कांग्रेस की ओर आकर्षित हो रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन में 6 सीटों पर जीत हासिल की थी। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में उसे सिर्फ एक सीट मिली थी। इस समर्थन ने कांग्रेस के आत्मविश्वास को बढ़ाया है।

यही वजह है कि कांग्रेस करीब 100 सीटों से अधिक पर अपनी दावेदारी पेश कर रही है। हालांकि, पार्टी की रणनीति केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है। कांग्रेस क्वांटिटी के साथ क्वालिटी पर भी जोर दे रही है। यानी पार्टी ऐसी सीटें चाहती है, जहां उसके उम्मीदवारों के जीतने की वास्तविक संभावनाएं हों।

राहुल गांधी पार्टी की बैठकों में यह संकेत दे चुके हैं कि कांग्रेस उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जहां उसकी जीत की संभावनाएं बेहतर हों। अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर जैसे क्षेत्रों में कांग्रेस अपनी राजनीतिक दावेदारी मजबूत रखना चाहती है।

अमेठी और रायबरेली लंबे समय तक गांधी परिवार के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र रहे हैं, जबकि सहारनपुर से इमरान मसूद सांसद हैं, जिन्हें गांधी परिवार का करीबी माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस इन क्षेत्रों में ज्यादा सीटें हथियाकर मजबूत पकड़ कायम रखना चाहती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से 22 पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में कांग्रेस की अधिक हिस्सेदारी की मांग सपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।

कितनी सीटें देने की तैयारी में सपा?

समाजवादी पार्टी कांग्रेस की मांगों को लेकर अपना अलग चुनावी गणित तैयार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सपा कांग्रेस को उन 24 सीटों की पेशकश करने की रणनीति पर काम कर रही है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को 20 हजार या उससे अधिक वोट मिले थे।

दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। पार्टी करीब 2 फीसदी वोट हासिल करने में ही कामयाब हो पाई थी और उसे 2 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इसके उलट 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर लगभग 10 फीसदी तक पहुंच गया और छह लोकसभा सीटों पर जीत मिलने की वजह कई क्षेत्रों में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है।

समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ मुलाकात में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पिछले प्रदर्शन को आधार बनाकर सीटों की संख्या की पेशकश कर सकती है। वहीं कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को अपनी बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता के प्रमाण के तौर पर पेश करने वाली है ये तय माना जा रहा है।

2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश की कुल 80 सीटों में से 43 पर कब्जा किया था। इस चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इसके अलावा लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस 37 विधानसभा क्षेत्रों में पहले और 48 में दूसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस इसी प्रदर्शन के आधार पर विधानसभा चुनाव में अधिक सीटों की मांग कर रही है।

हालांकि, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के समीकरण अलग होते हैं। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि अखिलेश यादव कांग्रेस के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को कितनी अहमियत देते हैं वो भी तब, जब 2022 के चुनाव में कांग्रेस की बुरी हालत रही थी।

कांग्रेस का प्लान-B क्या है? 

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर चल रही बातचीत के समानांतर कांग्रेस के भीतर एक वैकल्पिक रणनीति पर भी चर्चा होने की खबरें हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस बहुजन समाज पार्टी यानी मायावती के साथ संभावित गठबंधन को लेकर भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है।

कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे पर अलग-अलग राय होने की चर्चा है। एक धड़ा प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन जारी रखने का पक्षधर बताया जाता है। वहीं, सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय से जुड़े खेमे को मायावती के साथ संभावित गठजोड़ का समर्थक माना जा रहा है।

दरअसल, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मुस्लिम वोट बैंक के साथ दलित मतदाताओं के बीच भी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहती है। मायावती के साथ गठबंधन होने की स्थिति में कांग्रेस को दलित वोटों तक मजबूत और विनिंग कॉम्बिनेशन बनाने का एक नया अवसर मिल सकता है।

कांग्रेस के भीतर यह राजनीतिक आकलन भी है कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर ममता बनर्जी और शरद पवार जैसे नेताओं के साथ अलग-अलग राजनीतिक समीकरण साधकर कांग्रेस पर दबाव बनाती रहती है।

ऐसे में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए ऐसा दांव खेलना चाहती है, जिससे वह राज्य में अपनी पुरानी राजनीतिक हैसियत हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ सके।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की रणनीति 75 से 110 सीटों के बीच समझौते की संभावनाएं तलाशने की है। इस संभावित फॉर्मूले में स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कुछ छोटे दलों को भी जगह दिए जाने की चर्चा है।

सपा का प्लान-B भी तैयार!

कांग्रेस अगर मायावती के साथ गठबंधन की दिशा में आगे बढ़ती है तो समाजवादी पार्टी भी अपने लिए दूसरे विकल्प तलाश सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सपा कांग्रेस के साथ समझौता नहीं होने की स्थिति में आम आदमी पार्टी के साथ चुनावी तालमेल की संभावनाओं पर विचार कर सकती है।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और सपा के बीच राजनीतिक नजदीकियों की चर्चा लगातार होती रही है। संजय सिंह कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग पर तीखी टिप्पणियां भी कर चुके हैं।

समाजवादी पार्टी के लिए कांग्रेस को बड़ी संख्या में सीटें देना इसलिए भी आसान नहीं है, क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन का अनुभव उनके लिए अच्छा नहीं रहा था ।उस चुनाव में सपा ने कांग्रेस को 100 से अधिक सीटें दी थीं, लेकिन गठबंधन की करारी हार हुई थी।

हालांकि, इस बार राजनीतिक परिस्थितियां कुछ अलग हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अखिलेश यादव और गांधी परिवार के बीच राजनीतिक तालमेल बेहतर दिखाई दे रहा है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि अखिलेश यादव कांग्रेस को सीटों के मामले में थोड़ी छूट दे सकते हैं।

कांग्रेस के 2024 के लोकसभा प्रदर्शन को विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर देखें तो 37 सीटों पर पार्टी पहले और 48 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। इस लिहाज से कांग्रेस की दावेदारी करीब 85 विधानसभा सीटों तक पहुंचती है। ऐसे में सपा के सामने 75 से 85 सीटों के आसपास समझौते का विकल्प भी हो सकता है।

मायावती, ओवैसी और चंद्रशेखर के लिए चुनौती?

उत्तर प्रदेश में विपक्षी राजनीति का सबसे बड़ा संकट केवल सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को एक साथ साधने का भी है।

राजनीतिक विश्लेषक बिलाल शब्जवारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी दलों के बीच एकता बनाए रखने की है। एक तरफ कांग्रेस गठबंधन में बड़ी हिस्सेदारी मांग रही है,तो

दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति में अपनी स्वतंत्र जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी का गठबंधन भी हो चुका है। ऐसे में ये मुस्लिम-दलित के एक नए फोर्स के तौर पर उभर सकती है। सपा और कांग्रेस दोनों के लिए ये नया गठबंधन चुनौती पैदा कर सकती है।

इसके अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य की नई राजनीतिक रणनीति भी अखिलेश यादव के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के लिए कांग्रेस के साथ सीटों का समझौता करने के साथ-साथ दूसरे संभावित राजनीतिक खिलाड़ियों को भी ध्यान में रखना जरूरी होगा।

क्या कांग्रेस और सपा के बीच निकल पाएगा सम्मानजनक फॉर्मूला?
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन का भविष्य अब सीटों की संख्या से ज्यादा राजनीतिक समझदारी पर निर्भर करता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल करना चाहती है, जबकि अखिलेश यादव गठबंधन के जरिए सत्ता में वापसी की संभावनाओं को मजबूत करना चाहते हैं।

दोनों दलों के सामने अपने-अपने राजनीतिक हित हैं। कांग्रेस को लगता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में उसकी संभावनाएं बढ़ी हैं। वहीं सपा मानती है कि पीडीए की रणनीति और अपने मजबूत संगठन के दम पर वह विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभा सकती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में 37 सीटों पर जीत हासिल कर यूपी में नंबर वन पार्टी बनने से आया आत्मविश्वास वो बनाए हुए है।

मायावती बनेंगी गेमचेंजर?

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में मायावती सबसे बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकती हैं। अगर कांग्रेस और बसपा के बीच कोई समझौता होता है तो उत्तर प्रदेश का चुनावी मुकाबला पूरी तरह नए समीकरणों में उलझ सकता है। वहीं, अगर कांग्रेस-सपा गठबंधन कायम रहता है तो अखिलेश यादव को सीटों के बंटवारे में बड़ा दिल दिखाना पड़ सकता है।

फिलहाल पर्दे के पीछे राजनीतिक गुणा-गणित का खेल जारी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस 100 सीटों के आसपास अपनी दावेदारी से पीछे हटेगी या फिर मायावती के विकल्प को आगे बढ़ाकर अखिलेश यादव पर दबाव बनाएगी? और क्या अखिलेश यादव 2017 के अनुभव से सबक लेते हुए कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने का जोखिम उठाएंगे?


23 से 25 नवंबर के बीच होने वाली बातचीत इन सवालों के जवाब तलाशने में अहम साबित हो सकती है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस बार सीटों का बंटवारा सिर्फ दो दलों के बीच समझौता नहीं, बल्कि विपक्ष की एकजुटता, सामाजिक समीकरणों और 2027 की सत्ता की लड़ाई की दिशा तय करने वाला फैसला साबित हो सकता है।