उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपनी रणनीति को धारदार बनाना शुरू कर दिया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी में विश्वनाथ धाम के विकास के बाद अब बीजेपी की निगाहें मथुरा पर हैं।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग को बीजेपी आने वाले विधानसभा चुनाव में भुनाने की तैयारी में है। यही वजह है कि मथुरा में बीजेपी ने दो दिवसीय बैठक की और बीजेपी के प्रमुख नेताओं ने अपने बयानों से आने वाले चुनाव की रणनीति भी पूरी तरह साफ कर दी है।
मथुरा को बड़ा मुद्दा बनाने की है तैयारी?
बीजेपी की रणनीति उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति, जातीय समीकरण और विपक्ष के सबसे मजबूत राजनीतिक आधार को चुनौती देने की है।
सवाल यह है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा क्या 2027 के चुनाव में बीजेपी के लिए अयोध्या की तरह प्रमुख राजनीतिक विमर्श बन सकता है जैसा पार्टी लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में इसे व्यापक तौर पर बड़ा बनाने में कामयाब रही थी।
मथुरा बन सकता है बड़ा राजनीतिक एजेंडा?
यूपी में सनातन संस्कृति के तीन प्रमुख केंद्र अयोध्या, काशी और मथुरा माने जाते हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है, जबकि काशी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। बीजेपी की योजना अब मथुरा को धार्मिक-सांस्कृतिक पुनरुत्थान की कड़ी में महत्वपूर्ण रूप से पेश करने की है।
मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है।
ब्रज क्षेत्र से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान तक भगवान श्रीकृष्ण के प्रति लोगों की गहरी धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था है। यही वजह है कि मथुरा का मुद्दा केवल एक शहर या प्रदेश की राजनीति तक सीमित नहीं रहने वाला है, बल्कि इसका व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक प्रभाव होगा ऐसा बीजेपी मानकर चल रही है।
बीजेपी के लिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा हिंदुत्व के एजेंडे को विस्तार देने के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता को मजबूत करने का है।
अखिलेश के गढ़ में है घेरने की रणनीति!
मथुरा के मसले पर बीजेपी की रणनीति समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को राजनीतिक रूप से घेरने की है। दरअसल, अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था और यादव समुदाय से अपने सांस्कृतिक जुड़ाव को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करते रहे हैं। ऐसे में बीजेपी की रणनीति श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मामले में उनका स्पष्ट राजनीतिक रुख सामने लाने की है।
इन दिनों अखिलेश यादव सॉफ्ट हिंदुत्व की अपनी छवि निखारने में लगे हैं, इसलिए मंदिरों में दर्शन और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के जरिए बीजेपी के वोट बैंक में गहरी पैठ बनाने की कोशिश में जुटे हैं। बीजेपी अखिलेश के इस बदलते राजनीतिक रुख को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सवाल पर परख कर उन्हें एक्सपोज करने की फिराक में है।
यही वजह है कि मथुरा में बीजेपी की बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा में शामिल होने के लिए आगे आएं। डिप्टी सीएम मौर्य का यह बयान केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी अपील नहीं है, बल्कि राजनीतिक रूप से अखिलेश यादव को घेरने की पूरी योजना है।
दरअसल, बीजेपी इस मसले पर अखिलेश यादव को ऐसी राजनीतिक स्थिति में लाना चाहती है, जहां उन्हें अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और PDA की राजनीति के बीच संतुलन बिठा पाने में उनकी असलियत सामने रख दे। बीजेपी जानती है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर अखिलेश का स्टैंड उनके राजनीतिक वोट बैंक को कमजोर करेगा जो बीजेपी के लिए प्रदेश में सत्ता की हैट-ट्रिक लगाने की बड़ी वजह बन सकती है।
पश्चिमी यूपी में मजबूत समीकरण पर नजर!
दरअसल, भगवान श्रीकृष्ण की एक पहचान यदुवंशी से ताल्लुक रखने को लेकर भी है इसलिए यादव समुदाय के साथ उनका गहरा सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव समझा जाता है।
यूपी की सियासत में यादव समाज लंबे समय से समाजवादी पार्टी का कोर वैट बैंक रहा है, जिसे बीजेपी व्यापक हिंदू पहचान के विमर्श के साथ जोड़कर यादव समाज में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाह रही है।
बीजेपी एक तरफ श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को धार्मिक आस्था से जोड़ना चाहती है, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के कोर वैट बैंक में राजनीतिक सेंध लगाने की संभावनाओं को देख रही है।
वैसे यादव समाज की राजनीतिक प्राथमिकताएं सामाजिक न्याय, प्रतिनिधित्व, स्थानीय नेतृत्व और विकास जैसे अनेक वजहों से भी प्रभावित होती रही हैं। इसलिए बीजेपी इस मुद्दे को एक राजनीतिक अवसर के तौर पर देख रही है, और हिंदुत्व के व्यापक जनाधार को समेटकर अपने को मजबूत करने के प्रयास में भी जुटी है।
लोकसभा चुनाव में पीडीए पड़ा भारी
अखिलेश यादव ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीति का मुख्य आधार बनाया है। अखिलेश यादव-विरोधी राजनीति को कमजोर कर बीजेपी के सामने मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में हैं।
वहीं, बीजेपी हिंदुत्व, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था को मजबूत कर अपने किले को बचाने की योजना पर काम कर रही है।श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा इसी रणनीति का एक हिस्सा है जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के नाम पर विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच व्यापक एकजुटता का संदेश दिया जा सके।
यही वह राजनीतिक बिसात है जहां मथुरा का मुद्दा और PDA की राजनीति आमने-सामने होने पर अखिलेश यादव के सामने अपने सामाजिक गठबंधन को मजबूत रखते हुए धार्मिक आस्था के साथ संतुलन कायम रखना चुनौती भरा होगा।
मथुरा-वृंदावन का विकास होगा बड़ा मुद्दा!
बीजेपी की रणनीति ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, बुनियादी सुविधाओं और सांस्कृतिक विरासत के विकास को चुनावी एजेंडे में शामिल करने की है। मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में प्रस्तावित और जारी विकास कार्य, बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाएं, ब्रज की 84 कोस परिक्रमा, सड़क और परिवहन सुविधाएं तथा धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं लोगों के सामने लोकलुभावन बन सकती हैं।
अयोध्या और काशी में हुए विकास कार्यों का हवाला देकर बीजेपी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक के रूप में अपने एजेंडे को पेश कर सकती है। दरअसल, यहां पार्टी धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ना चाह रही है जहां धार्मिक पर्यटन के विस्तार से रोजगार, व्यापार और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिल सके और लोग हिंदुत्व के साथ-साथ विकास के मॉडल को तरजीह दे सकें।
कोर विचारधारा में अयोध्या, काशी, मथुरा
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद बीजेपी मथुरा को एक साझा सांस्कृतिक विमर्श में जोड़कर पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने हिंदुत्व के एजेंडे को व्यापक आधार देने की तैयारी में है।
मथुरा का धार्मिक प्रभाव ब्रज क्षेत्र के अलावा हरियाणा, राजस्थान और देश के दूसरे हिस्सों में भी है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के प्रति जनमानस में गहरी आस्था है। बीजेपी इसलिए इसे क्षेत्रीय विकास और धार्मिक पर्यटन से आगे बढ़ाकर सांस्कृतिक पहचान के रूप में आगे बढ़ाने को लेकर रणनीतिक रूप से काम करने में जुटी है।
वैसे, मथुरा का राजनीतिक और कानूनी पहलू अयोध्या से अलग है और यहां मंदिर निर्माण की मांग को आगे बढ़ाने में न्यायिक प्रक्रिया तथा संबंधित पक्षों के अधिकारों का अपना विशेष महत्व है। इसलिए इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ और व्यावहारिक परिणाम एक हो, ऐसा जरूरी नहीं है।
2027 के चुनाव में मथुरा पर रहेगी नजर!
बीजेपी की मथुरा बैठक और केशव प्रसाद मौर्य के बयान से साफ है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रमुख मुद्दा बनने जा रहा है। बीजेपी रणनीतिक रूप से अयोध्या और काशी के बाद मथुरा को धार्मिक-सांस्कृतिक विकास से जोड़ रही है।
वहीं, बीजेपी अखिलेश यादव की PDA राजनीति और समाजवादी पार्टी के पारंपरिक सामाजिक आधार को राजनीतिक रूप से चुनौती देने में जुट गई है। मथुरा का मुद्दा बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच धार्मिक आस्था के अलावा सामाजिक समीकरण, सांस्कृतिक पहचान, विकास और राजनीतिक नेतृत्व की विश्वसनीयता को परखने वाला है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का मथुरा केंद्रित राजनीतिक मुद्दा कितना व्यापक होता है और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे का तोड़ कैसे ढ़ूंढ़ पाती है। वैसे बीजेपी सीएम योगी के चेहरे पर चुनाव लड़ने का मन बना चुकी है।
इसलिए कानून-व्यवस्था के साथ प्रदेश में किए गए विकास को लेकर बीजेपी पीछे हटने वाली नहीं है। जाहिर है बीजेपी के दिग्गज नेता अमित शाह के उस बयान में ये बात साफ झलकती है कि पार्टी सत्ता में आई तो यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। मतलब साफ है कि विकास, हिंदुत्व और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का मिश्रण चुनाव में अलग-अलग रूप में दिखने जा रहा है, ये तय है।