रविवार को प्रयागराज में ब्राह्मणों की एक सभा में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की तब किरकिरी हो गई जब कुछ युवा ब्राह्मणों ने उनसे यूजीसी नियमों पर चुप्पी तोड़ने की सीधी अपील कर डाली। मौर्य चुप रहे लेकिन माहौल की गरमाहट का एहसास उन्हें हो गया। यही वजह है कि बीजेपी के 'चाणक्य' कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह जब प्रदेश कार्यसमिति में दो दिन पहले पहुंचे थे तो उन्होंने अपने गूढ़ मंत्र में कार्यकर्ताओं को विकास के साथ-साथ हिंदुत्व के कोर मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के चुनाव में उतरने का सीधा पैगाम दिया।
मैसेज साफ था कि इस बार के चुनाव में पीडीए की काट और यूजीसी पर सामान्य वर्ग की नाराजगी से निपटना गंभीर चुनौती होगी, इसलिए बीजेपी और उसके सहयोगी संगठन अपनी अलग-अलग बैठकों में पीडीए और यूजीसी की काट को लेकर धारदार रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
20 फीसदी सामान्य वर्ग को साधे रखकर सामाजिक संतुलन कायम रखना कितनी बड़ी चुनौती?
20 फीसदी सामान्य वर्ग बीजेपी का परंपरागत वोटर रहा है। यूजीसी के नियमों पर ये वर्ग बीजेपी को लेकर सशंकित हो गया है। यही वजह है कि प्रयागराज में केशव मौर्य से बीजेपी की सोच को लेकर सीधा सवाल पूछा गया। वैसे पिछले दिनों बिहार के पटना में भी सामान्य वर्ग की एक बड़ी टोली ने सरकार से कड़े सवाल पूछते हुए सड़क पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। ऐसे में जातिगत राजनीति उत्तर प्रदेश में हावी न हो जाए इसलिए बीजेपी में इसको लेकर मंत्रणाओं का दौर जारी है।
बीजेपी और संघ के लिए इन मुद्दों ने निपटना आसान नहीं है। “सबका साथ और सबका विकास” सहित “बंटोगे तो कटोगे” जैसे नैरेटिव का असर कमजोर न पड़े इसलिए बीजेपी अब सबसे बड़े प्रदेश पर पूरे जोर-शोर से फोकस कर रही है। दरअसल, इन नारों की पोल पिछले लोकसभा चुनाव में खुल गई थी और समाजवादी पार्टी का “पीडीए” इन नारों पर भारी पड़ा था। बीजेपी 80 लोकसभा सीटों में 33 पर सिमट गई थी जबकि साल 2019 में बीजेपी सपा और बसपा के गठबंधन के विरोध में 62 सीटें जीतने में सफल रही थी।
इसलिए उत्तर प्रदेश में बीजेपी का पैर अंगद जैसा जमाने के लिए बीजेपी और सहयोगी संगठन अपनी बैठकों में यूजीसी को लेकर रणनीति बनाने में जुट गए है। बीजेपी यूजीसी गाइडलाइंस के मुद्दे को अंडरप्ले करने की रणनीति पर काम करने को लेकर सक्रिय हो गई है। बीजेपी ने इसको लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। इंदौर की एक बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा यूजीसी गाइडलाइंस के खिलाफ सख्ती से बोलना इसकी ओर साफ इशारा कर रहा है। संघ प्रमुख ने अपने बयान में साफ कह दिया था कि यूजीसी अभी कोई नियम नहीं बल्कि एक प्रस्ताव है और इसे कानूनी रूप नहीं दिया गया है।
यूजीसी को अंडरप्ले और हिंदुत्व की धार को मजबूत करने की है योजना?
बीजेपी प्रकोष्ठों के जरिए यूजीसी के मुद्दे पर नाराज सवर्ण युवाओं को समझाने के लिए सामाजिक चौपालों की मदद से जमीन पर काम करने की तैयारी कर रही है। बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ता मिलकर छात्रों के साथ संवाद और बैठकों का कार्यक्रम करेंगे और चुनाव से पहले पूरे राज्य में नाराजगी दूर करने का प्रयास किया जाएगा। रणनीतिक तौर पर बीजेपी सामाजिक चौपालों के जरिए अलग-अलग सामाजिक और जातीय समुदायों के साथ बैठक करने वाली है और उनके मुद्दों को गहराई से समझकर सामाजिक संतुलन साधते हुए आगे बढ़ने की तैयारी में है।
चुनाव में बीजेपी यूजीसी के मसौदे को अंडरप्ले करना चाहती है और चुनाव जीतकर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की बात कह हिंदुत्व की धार मजबूत करना चाह रही है। बीजेपी ने यूनिफॉर्म सिविल कोड उत्तराखंड में साल 2025 में लागू कर दिया है। गुजरात, असम और मध्य प्रदेश में विधेयक विधानसभा में पारित होने के बाद राष्ट्रपति तक की मंजूरी मिल चुकी है। बीजेपी शासित अन्य राज्य महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में यूनिफॉर्म सिविल कोड का मसौदा तैयार किया जा रहा है।
इसलिए यूपी बीजेपी की रणनीति यूपी को लेकर भी साफ है कि तीसरी बार सरकार बनने के बाद यहां भी यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जा सकेगा। बीजेपी इसलिए योगी आदित्यनाथ सरकार के मॉडल की सफलता को आगे रखकर बिना लाग लपेट चुनावी मैदान में उतरने की पुख्ता योजना बना चुकी है। बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यूपी के वर्तमान सीएम योगी आदित्यनाथ के कामों की जोरदार तारीफ भी अमित शाह द्वारा की गई है। जाहिर है आगामी चुनाव में बीजेपी हिंदुत्व और विकास का जोरदार कॉकटेल तैयार करने में जुटी है।
अमित शाह ने लखनऊ में अयोध्या मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और राम मंदिर को लेकर सपा के रुख पर निशाना साधा। इतना ही नहीं, अमित शाह के अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होने की खबरें हैं। यह एक बड़ा संदेश है जो हिंदुत्व के कोर मुद्दे पर पार्टी की रणनीति को रेखांकित करता है।
पार्टी एकजुट रहे, शाह ने दिया सीधा संदेश!
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी में नंबर दो की हैसियत रखने वाले अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की सीधे शब्दों में तारीफ की। अमित शाह के बयान का मतलब साफ था कि जो भी लोग पार्टी में अंतर्कलह की बात को हवा दे रहे हैं उन तक स्पष्ट मैसेज पहुंचाया जा सके कि सेंटर और राज्य के बीच किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। वहीं, सीएम पद को लेकर समय-समय पर जो बातें बाहर आती हैं उस पर विराम लग सके। दरअसल, समाजवादी पार्टी के मुखिया समय-समय पर ये आरोप लगाते रहे हैं कि बीजेपी में सीएम पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवार उम्मीद लगाए बैठे हैं।
इसीलिए अमित शाह द्वारा सीएम योगी की तारीफ कर अटकलों को दूर करने का प्रयास किया गया है। अमित शाह ने अपने भाषण में जिस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश नेतृत्व को सराहा है उससे ये भी साफ हो गया है कि ये चुनाव योगी आदित्यनाथ की ही अगुआई में लड़ा जाएगा। वैसे, अमित शाह से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी योगी आदित्यनाथ को तारीफ मिल चुकी है। इससे यूपी के राजनीतिक सर्किल में सत्ता की 'रस्साकशी' की बहस फिलहाल खत्म होती दिख रही है।
हिंदुत्व के साथ डेवलपमेंट का कॉकटेल पीडीए पर पड़ेगा भारी?
डेवलपमेंट के लिए 50 लाख करोड़ के इनवेस्टमेंट लाने से लेकर 15 लाख करोड़ जमीन पर उतारे जाने की चर्चा कर अमित शाह योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे के नेटवर्क का अमित शाह के भाषण में प्रमुखता से बखान किया गया और साथ में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के बाद यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने का दावा भी किया गया।
जाहिर है बीजेपी के लिए इन मुद्दों को उभारना इसलिए भी रणनीतिक रूप से जरूरी है क्योंकि सूबे में राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को काउंटर करना है। जिससे हिंदुत्व की धार को तेजकर सामान्य वर्ग के साथ-साथ दलित और पिछड़ों को भी साधे रखने की योजना कारगर हो सके और तीसरी बार प्रदेश में सरकार बीजेपी की फिर से बहाल हो।
लेकिन बीजेपी के लिए साल 2024 का लोकसभा चुनाव परिणाम उत्तर प्रदेश में निराशाजनक रहा है। पार्टी 62 से 33 सीटों पर पहुंच गई। दिल्ली का रास्ता लखनऊ से बड़ी मुश्किल से तय हो पाया और पूरी मेजॉरिटी हासिल करने में बीजेपी असफल रही। उत्तर प्रदेश में बीजेपी की करारी हार ने अखिलेश यादव के पीडीए के नारों को काफी मजबूती प्रदान की और तबसे अखिलेश साल 2027 में सरकार बनाने का दावा लगातार करते दिख रहे हैं। सपा मजबूती से उभर रही है। इसकी झलक एमएलसी चुनाव में भी दिखी है। 2024 लोकसभा चुनाव में अयोध्या में बीजेपी की हार हुई वहीं, चंद दिनों पहले एमएलसी चुनाव में काशी, लखनऊ और आगरा में बीजेपी की हार शीर्ष नेतृत्व के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
बीजेपी के लिए यूपी में हैट्रिक लगाना आसान या गंभीर चुनौती?
वाराणसी में एमएलसी की दोनों सीटें हारना और गोरखपुर में मुश्किल से जीतना पार्टी के लिए आने वाले विधानसभा चुनाव की चुनौतियों को बखूबी बयां कर रहा है। नए प्रभारी के तौर पर विनोद तावड़े और फिर अमित शाह का आकर तैयारियों का जायजा लेना यूपी को तीसरी बार जीतने को लेकर बीजेपी की गंभीरता बयान करता है। सूत्रों की मानें तो सूबे में इलेक्शन अमित शाह की देख-रेख में लड़ा जाएगा।
पहले भी अमित शाह की भूमिका उत्तर प्रदेश में दो बार सरकार बनाने में अहम रही है और नाराज जातियों को साधने से लेकर माइक्रो-मैनेजमेंट करने में उनका कोई सानी नहीं है। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में किसान आंदोलन में कई जातियों की भूमिका अहम थी और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बीजेपी की हार होगी ऐसा दावा किया जा रहा था। लेकिन सारे कयास फेल हुए और बीजेपी सफल रही। हाल ही में बंगाल की जीत में भी अमित शाह की रणनीति कारगर रही है और वहां पहली दफा बीजेपी सरकार बनाने में कामयाब रही है।
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के सूत्रधार अमित शाह रहे थे। साल 2017 में प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा गया था और छोटी-छोटी जातियों को साथ लाकर बीजेपी गठबंधन 325 सीटें जीतने में सफल रहा था जबकि साल 2012 में पार्टी तीसरे नंबर पर चली गई थी और उत्तर प्रदेश में महज 47 सीटें जीती थीं।
यूपी में विधानसभा का चुनाव केवल 2027 की सरकार तय नहीं करेगा बल्कि 2029 की लोकसभा चुनाव की जमीन भी तैयार करेगा। राजनीति के जानकार डॉ. संजय कुमार के मुताबिक नतीजा आखिर में सरकार के कामकाज और बेहतर लॉ एंड ऑडर, बिजली, सड़क, पानी, और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के नाम पर ही आएगा। इसलिए पीडीए जैसा मुद्दा उतना प्रभावी नहीं हो सकेगा जो बीजेपी की सरकार को उखाड़ पाने में सफल हो सके। हालांकि, सपा और कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक समीकरण और सरकार के खिलाफ नाराजगी को भुनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।