बैंक में आपका खाता है, FD है या आप सरकारी योजनाओं का लाभ लेते हैं, तो IDBI बैंक की बिक्री से जुड़ी यह खबर आपके काम की है। केंद्र सरकार ने IDBI बैंक में अपनी और LIC की 60.72% हिस्सेदारी कनाडा की कंपनी Fairfax को बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सौदा पूरा होने के बाद बैंक का नियंत्रण बदल जाएगा। ऐसे में सवाल है कि क्या आपके जमा पैसे पर इसका असर पड़ेगा? क्या FD की ब्याज दरें बदलेंगी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा? आइए, बैंकिंग और फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स की मदद से समझते हैं कि इस सौदे से ग्राहकों के लिए क्या बदलेगा और उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
IDBI बैंक की बिक्री का मतलब क्या है?
IDBI बैंक में अभी सरकार और LIC की बड़ी हिस्सेदारी है। सरकार के पास बैंक के 30.48% और LIC के पास 30.24% शेयर हैं। दोनों की कुल हिस्सेदारी 60.72% होती है।
अब सरकार ने इन शेयरों को फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स (Fairfax Financial Holdings) से जुड़ी कनाडाई कंपनी को बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लिए करीब 52,878 करोड़ रुपये की कीमत तय की गई है। कंपनी ने प्रति शेयर 81 रुपये की पेशकश की है। इसका मतलब है कि कंपनी बैंक के ज्यादातर शेयर खरीदकर उसका कंट्रोल हासिल करेगी। आसान भाषा में कहें तो बैंक में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाला मालिक बदल जाएगा।
हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि बिक्री की पूरी प्रक्रिया खत्म हो गई है। सौदा पूरा होने के बाद ही बैंक का कंट्रोल औपचारिक रूप से नए मालिक के हाथ में जाएगा।
IDBI बैंक पहले से प्राइवेट, फिर बिक्री क्यों?
IDBI बैंक को RBI ने जनवरी 2019 से प्राइवेट सेक्टर के बैंक की कैटेगरी में रखा हुआ है। हालांकि, बैंक में सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की बड़ी हिस्सेदारी बनी रही और LIC के पास मैनेजमेंट कंट्रोल था। अब सरकार और LIC अपनी कुल 60.72% हिस्सेदारी कनाडा की Fairfax से जुड़ी कंपनी को बेच रहे हैं। इस सौदे के पूरा होने पर बैंक का नियंत्रण नए निवेशक के पास चला जाएगा। यह सरकार की रणनीतिक विनिवेश योजना (Strategic Disinvestment Plan) का हिस्सा है, न कि केवल बैंक के मौजूदा प्रबंधन का फैसला।
क्या सरकार की हिस्सेदारी बचेगी?
सरकार ने साफ कहा है कि यह एक ‘रणनीतिक पुनर्गठन’ है। सौदा पूरा होने के बाद भी भारत सरकार के पास 15% और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के पास 19% हिस्सेदारी बनी रहेगी। इस प्रकार सरकार और LIC की 34% हिस्सेदारी रहेगी, लेकिन बैंक का कंट्रोल नए निवेशक के पास जाएगा और दोनों का बोर्ड में प्रतिनिधित्व खत्म होगा।
FDI क्या है, इस सौदे को बड़ा क्यों माना जा रहा?
FDI यानी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (Foreign Direct Investment)। जब किसी दूसरे देश की कंपनी भारत में किसी कारोबार में निवेश करती है और उसमें लॉन्ग टर्म हिस्सेदारी या कंट्रोल हासिल करती है, तो इसे प्रत्यक्ष विदेशी निवेश कहा जाता है। IDBI बैंक के मामले में कनाडाई कंपनी बैंक की बड़ी हिस्सेदारी खरीद रही है। इस सौदे के पूरा होने पर यह भारत के वित्तीय क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश होगा।
सरकार का कहना है कि इस तरह के निवेश से देश के वित्तीय क्षेत्र में पूंजी आती है और कारोबार के विस्तार के अवसर बढ़ते हैं।
बैंक पर अब किसका कंट्रोल होगा?
सौदे के पूरा होने पर Fairfax से जुड़ी कंपनी के पास IDBI बैंक की 60.72% हिस्सेदारी होगी। इतनी बड़ी हिस्सेदारी के आधार पर उसे बैंक का नियंत्रण मिलेगा। सरकार के पास अपनी शेष 15% हिस्सेदारी और LIC के पास 19% हिस्सेदारी रहने का प्रस्ताव है। यानी दोनों के पास मिलाकर 34% हिस्सेदारी रहेगी। इसका मतलब है कि सरकार और LIC बैंक से पूरी तरह बाहर नहीं होंगे, लेकिन बैंक पर उनका पहले जैसा नियंत्रण नहीं रहेगा। बैंक के प्रबंधन और कारोबारी फैसलों में नए नियंत्रक की भूमिका अहम होगी।
जमा पैसा, FD और लोन की EMI बदलेंगे?
IDBI बैंक के मालिकाना हक में बदलाव से ग्राहकों के खाते, जमा राशि और मौजूदा लोन की शर्तें अपने आप नहीं बदलेंगी। बैंक के नए मालिक को भी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के तहत काम करना होगा।
जमा पैसे की सुरक्षा: डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) के तहत पात्र जमाओं पर प्रति जमाकर्ता, प्रति बैंक अधिकतम ₹5 लाख तक का बीमा कवर लागू है। इसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल हैं। यह सीमा एक ही बैंक में ग्राहक की सभी पात्र जमाओं पर कुल मिलाकर लागू होती है।
FD और लोन की ब्याज दरें: बैंक की बिक्री पूरी होने से मौजूदा FD की ब्याज दरें या शर्तें अपने आप नहीं बदलेंगी। इसी तरह, मौजूदा लोन की ब्याज दर और EMI संबंधित लोन एग्रीमेंट के अनुसार चलेंगी। हालांकि, फ्लोटिंग रेट वाले लोन की ब्याज दरों में तय शर्तों के मुताबिक बदलाव हो सकता है। भविष्य में बैंक की कारोबारी रणनीति बदलने से नई FD योजनाओं और नए लोन की दरों पर असर पड़ सकता है।
बैंक का नाम और सेवाएं: मालिकाना हक बदलने से बैंक का नाम या बांच तुरंत बदलना जरूरी नहीं है। इस संबंध में किसी बदलाव की स्थिति में ग्राहकों को बैंक की आधिकारिक घोषणा पर ध्यान देना चाहिए।
क्या सरकारी योजनाओं पर कोई असर पड़ेगा?
IDBI बैंक के विदेशी हाथों में जाने से उसके जरिए मिलने वाली सरकारी योजनाओं और सुविधाओं पर अपने आप कोई असर नहीं पड़ेगा। जनधन खाते, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), पेंशन और सरकारी सब्सिडी जैसी सुविधाएं संबंधित योजना के नियमों और बैंक की भूमिका के आधार पर जारी रहती हैं। बैंक का मालिक बदलने भर से इन योजनाओं के नियम नहीं बदल जाते।
इसका एक उदाहरण लक्ष्मी विलास बैंक का है। साल 2020 में वित्तीय संकट से जूझ रहे इस निजी बैंक का DBS Bank India में विलय किया गया था। यह फैसला RBI और केंद्र सरकार ने जमाकर्ताओं के हितों और बैंकिंग व्यवस्था की स्थिरता को ध्यान में रखकर लिया था। यह उदाहरण बताता है कि बैंक का मालिकाना हक बदलने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों की सेवाएं या उनके अधिकार अपने आप कम हो जाते हैं। हालांकि, IDBI बैंक का मामला अलग है, क्योंकि यहां वित्तीय संकट में पड़े बैंक का आपात विलय नहीं, बल्कि सरकार और LIC की हिस्सेदारी की रणनीतिक बिक्री हो रही है।
तो क्या घाटे में थी IDBI बैंक?
IDBI बैंक की बिक्री के पीछे उसके पुराने वित्तीय संकट की भी अहम भूमिका रही है। बैंक को बढ़ते फंसे हुए कर्ज और नुकसान के कारण वित्तीय मदद की जरूरत पड़ी थी। RBI ने 2017 में उसकी कमजोर वित्तीय स्थिति को देखते हुए उस पर कुछ पाबंदियां लगाई थीं, जिन्हें 2021 में हटा दिया गया। हालांकि, अब बैंक की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 में उसने 9,513 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। इसलिए बैंक की बिक्री को मौजूदा घाटे से जोड़कर देखना सही नहीं होगा। यह सरकार और LIC की हिस्सेदारी घटाने तथा बैंक का प्रबंधन रणनीतिक निवेशक को सौंपने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
RBI की क्या भूमिका होगी?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) देश में बैंकों के कामकाज पर नजर रखता है और उनके लिए नियम तय करता है। बैंक का मालिक भारतीय हो या विदेशी, उसे इन नियमों का पालन करना होता है। IDBI बैंक का नियंत्रण बदलने के बाद भी RBI की निगरानी जारी रहेगी। बैंक को अपनी आर्थिक स्थिति, जोखिमों से निपटने, ग्राहकों के हितों की रक्षा और दूसरे जरूरी नियमों का पालन करना होगा। यानी मालिक बदलने से बैंक पर RBI का नियंत्रण और निगरानी खत्म नहीं होगी।
आगे क्या बदलेगा?
IDBI बैंक की बिक्री से सबसे बड़ा बदलाव उसके मालिकाना हक और प्रबंधन में होगा। सरकार और LIC की बड़ी हिस्सेदारी निजी कंपनी के पास जाने से बैंक के काम करने के तरीके और कारोबारी फैसलों में बदलाव आ सकता है। हालांकि, इसका असर ग्राहकों पर कितना पड़ेगा, यह नए मालिक की रणनीति और भविष्य में बैंक की नीतियों पर निर्भर करेगा।
फिलहाल, ग्राहकों को यह समझना जरूरी है कि मालिक बदलने का मतलब बैंकिंग सेवाओं में तुरंत बदलाव होना नहीं है। जमा राशि, FD, लोन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए बैंक की आधिकारिक घोषणाओं पर नजर रखें। असली तस्वीर तभी साफ होगी, जब सौदा पूरा होगा और नए प्रबंधन की योजनाएं सामने आएंगी।