पाकिस्तानी सीरीज पर भारत सरकार ने Netflix से क्या कहा?

सरकार ने Netflix को पाकिस्तानी कंटेंट भारत में उपलब्ध न कराने की एडवाइजरी याद दिलाई है। मामला फवाद खान और माहिरा खान की वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज से जुड़ा है।

पाकिस्तानी वेब सीरीज को भारत में रिलीज करने की तैयारी Netflix को भारी पड़ सकती है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस मामले में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को साफ शब्दों में अपनी पुरानी एडवाइजरी याद दिलाई है। सरकार ने Netflix से कहा है कि वह जून 2025 में दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहे और पाकिस्तान में बनी कोई भी फिल्म या वेब सीरीज भारत में उपलब्ध न कराए। यह पूरा मामला फवाद खान और माहिरा खान की वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज को लेकर है।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय को इस सीरीज को भारत में रिलीज किए जाने की आशंका को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने Netflix को जून 2025 में सरकार को दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को कहा है।

दरअसल, जून 2025 में Netflix ने मंत्रालय को बताया था कि उसने भारत में अपने दर्शकों के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से इसी रुख को बनाए रखने के लिए कहा है।

फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज पर विवाद

'जो बचे हैं संग समेट लो' में पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इकरा अजीज और सनम सईद नजर आएंगे। यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में Netflix पर रिलीज होने वाली है।

इससे पहले फिल्म जगत के दो संगठनों ने भी इस सीरीज की भारत में रिलीज रोकने की मांग की थी। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने भारतीय सिनेमा, टीवी और OTT प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कलाकारों और फिल्मों को रोकने के लिए स्थायी कानूनी व्यवस्था बनाने की भी अपील की थी।

वहीं, 25 नवंबर को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पाकिस्तानी सीरीज को भारत में उपलब्ध होने से रोकने की मांग की।

पहलगाम हमले के बाद जारी हुई थी एडवाइजरी

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 8 मई 2025 को यह एडवाइजरी जारी की थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच मंत्रालय ने OTT प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य डिजिटल मंचों को पाकिस्तान में बने कंटेंट की उपलब्धता बंद करने का निर्देश दिया था। इसके पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा और उस समय के हालात का हवाला दिया गया था।

पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को लेकर विरोध का असर Netflix से आगे भी देखने को मिला है। पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-नजात' की बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने वाली दो निजी स्क्रीनिंग भी सोशल मीडिया पर विरोध के बाद रद्द कर दी गईं।

गौरतलब है कि 'जो बचे हैं संग समेट लो' फरहत इश्तियाक के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह Netflix की पहली उर्दू भाषा की ओरिजिनल वेब सीरीज है। इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। फिलहाल Netflix ने इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।