कल्पना कीजिए, आपने सिर के पास एक छोटी-सी डिवाइस चिपका रखी है और वह आपको बता रही है कि आपके दिमाग तक खून की सप्लाई कैसी हो रही है। शरीर गर्मी से निपटने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है और आपकी सेहत से जुड़े दूसरे संकेत क्या हैं। सुनने में यह किसी भविष्य की तकनीक जैसा लगता है, लेकिन भारत में ऐसी ही एक डिवाइस को लेकर बहस छिड़ गई है।
इसका नाम है टेंपल (Temple)। इसे जोमैटो की मूल कंपनी इटरनल के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल विकसित कर रहे हैं। कंपनी का दावा है कि यह छोटी-सी डिवाइस दिमाग में खून के बहाव से लेकर शरीर के तापमान और दूसरी गतिविधियों से जुड़े संकेत दे सकती है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु भी इसे पहने नजर आ चुके हैं।
लेकिन कई डॉक्टरों ने इसके दावों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दिमाग में खून की सप्लाई मापने जैसी बात को साबित करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण जरूरी हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर यह डिवाइस कैसे काम करती है, इसके दावे क्या हैं और डॉक्टर इसका विरोध क्यों कर रहे हैं?
क्या है टेंपल डिवाइस और कैसे काम करती है?
टेंपल, आकार में एक इंच से भी छोटी है। इसका वजन 2 ग्राम से कम है। इसे माथे और कान के बीच सिर के किनारे, यानी कनपटी के पास चिपकाया जाता है। यह छह अलग-अलग रंगों में उपलब्ध है। इसकी कीमत 85,000 रुपये (करीब 907 डॉलर) रखी गई है।
दीपिंदर गोयल की कंपनी के मुताबिक, इस डिवाइस में दो खास फीचर हैं।
1. ब्रेनफ्लो (BrainFlow): कंपनी का दावा है कि यह फीचर बताता है कि दिमाग तक खून की सप्लाई कितनी अच्छी तरह हो रही है। यह जानकारी वास्तविक समय में मिल सकती है।
2. एंट्रॉपी (Entropy): कंपनी के मुताबिक, यह फीचर बताता है कि शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है। यानी शरीर गर्मी को बाहर निकालने के लिए किस तरह काम कर रहा है।
कंपनी का यह भी दावा है कि डिवाइस शरीर की गर्मी, रोग प्रतिरोधक क्षमता, पाचन, सोचने-समझने की क्षमता और भावनाओं से जुड़े संकेतों को माप सकती है। कंपनी का कहना है कि इससे लोग अपनी सेहत को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
डॉक्टर क्यों उठा रहे हैं सवाल?
डिवाइस को लेकर सबसे बड़ी आपत्ति इसके ब्रेनफ्लो फीचर पर है। डॉक्टरों का कहना है कि सिर की त्वचा पर लगे सेंसर से मिलने वाले संकेतों के आधार पर यह दावा करना आसान नहीं है कि दिमाग तक खून की सप्लाई कितनी हो रही है।
डॉक्टर जेसन फिलिप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कनपटी की त्वचा पर लगाए गए ऑप्टिकल सेंसर से मिलने वाले संकेत मुख्य रूप से सुपरफिशियल टेम्पोरल आर्टरी (Superficial Temporal Artery) से जुड़े हो सकते हैं। यह एक ऐसी धमनी है जो चेहरे और सिर की त्वचा तक खून पहुंचाती है। इसका डेटा मिलना और दिमाग में खून के बहाव का सही आकलन करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
यानी सवाल यह है कि क्या डिवाइस वास्तव में दिमाग में खून की सप्लाई माप रही है या सिर्फ त्वचा के पास मौजूद रक्त प्रवाह (Blood Flow) से जुड़े संकेत पकड़ रही है?
डॉक्टरों की एक और चिंता यह है कि कंपनी के दावों को साबित करने के लिए अभी पर्याप्त वैज्ञानिक शोध उपलब्ध नहीं है। खासकर ऐसे शोध जिन्हें दूसरे विशेषज्ञों ने भी जांचा हो।
डॉक्टरों ने क्या कहा?
भारत के जाने-माने लिवर विशेषज्ञ डॉ. साइरिएक फिलिप्स (Cyriac Philips), जिन्हें सोशल मीडिया पर 'द लिवर डॉक' के नाम से जाना जाता है, इस डिवाइस की आलोचना कर रहे हैं।
डॉक्टर साइरिएक फिलिप्स ने 'रॉयटर्स' से कहा कि लोगों को ऐसे वेलनेस उपकरणों के बारे में भी जागरूक रहना चाहिए, भले ही उन्हें मेडिकल डिवाइस के रूप में पेश न किया जा रहा हो।
वहीं, बाल रोग विशेषज्ञ और किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव बगाई ने एक टीवी चर्चा में इसे दिखावा बताते हुए कहा कि इसे कोई औपचारिक मंजूरी या अनुमति नहीं मिली है। डॉक्टरों की मांग है कि इस तरह के दावों की जांच होनी चाहिए और तय होना चाहिए कि डिवाइस को मेडिकल रेगुलेटर्स के दायरे में लाने की जरूरत है या नहीं।
दीपिंदर गोयल ने क्या जवाब दिया?
डॉक्टरों की आलोचना पर दीपिंदर गोयल ने कहा है कि टेंपल कोई मेडिकल डिवाइस नहीं, बल्कि फिटनेस ट्रैकर और वेलनेस डिवाइस है। कंपनी ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा कि ब्रेनफ्लो और एंट्रॉपी नए तरह के माप हैं, जिनके पीछे विज्ञान अभी विकसित हो रहा है। इन पर आगे और शोध किया जाएगा। कंपनी ने यह भी माना कि भविष्य में उसके कुछ फीचर्स के लिए रेगुलेटरी एप्रूवल की जरूरत पड़ सकती है।
यानी कंपनी फिलहाल इसे बीमारी की जांच या इलाज करने वाला उपकरण नहीं बता रही है। लेकिन इसके कुछ दावे ऐसे हैं, जो सीधे शरीर और दिमाग की कार्यप्रणाली से जुड़े हैं। इसी वजह से सवाल उठ रहे हैं।
क्या फिटनेस ट्रैकर और मेडिकल डिवाइस में अंतर होता है?
हां, दोनों में बड़ा अंतर है। फिटनेस ट्रैकर का काम आमतौर पर शरीर की गतिविधियों और सेहत से जुड़े सामान्य आंकड़े बताना होता है। जैसे कितने कदम चले, दिल की धड़कन कितनी है या नींद कैसी रही।
लेकिन जब कोई उपकरण बीमारी का पता लगाने, किसी मेडिकल स्थिति की चेतावनी देने या शरीर के किसी अंग की कार्यप्रणाली का क्लीनिकल एसेसमेंट (Clinical assessment) करने का दावा करता है, तो उसके दावे की वैज्ञानिक जांच और नियामकीय मंजूरी का सवाल उठता है। इसका उदाहरण विदेशों में भी देखने को मिला है। रॉयटर्स के मुताबिक, एप्पल वॉच के कुछ फीचर्स को अमेरिका की फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) से मेडिकल फीचर के तौर पर मंजूरी मिली है। वहीं, पिछले साल अमेरिकी FDA ने फिटनेस ट्रैकर बनाने वाली कंपनी हूप (Whoop) को उसके ब्लड प्रेशर फीचर को लेकर चेतावनी दी थी। कंपनी ने इस पर असहमति जताई थी।
कितनी लोकप्रिय हो रही है यह डिवाइस?
टेंपल को भारत में कुछ चर्चित खिलाड़ियों ने भी पहना है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु इसके साथ नजर आ चुके हैं। कंपनी के मुताबिक, 1 नवंबर से अब तक उसे 62 से ज्यादा देशों से ऑर्डर मिल चुके हैं। इस साल फरवरी में कंपनी ने 5.4 करोड़ डॉलर की फंडिंग जुटाई थी। उस समय कंपनी की वैल्यूएशन करीब 19 करोड़ डॉलर आंकी गई थी।
गौरतलब है कि दीपिंदर गोयल इस साल इटरनल के CEO पद से हट गए थे, ताकि अपना पूरा ध्यान टेंपल पर लगा सकें। इटरनल के तहत जोमैटो जैसे बड़े ब्रांड आते हैं।
आखिर इस पूरे विवाद का मतलब क्या है?
टेंपल को लेकर विवाद सिर्फ एक छोटी डिवाइस की तकनीक का नहीं है, बल्कि यह भी सवाल है कि कोई कंपनी अपने फिटनेस ट्रैकर के जरिए स्वास्थ्य से जुड़े कितने बड़े दावे कर सकती है। अगर कोई डिवाइस कहती है कि वह दिमाग में खून की सप्लाई या शरीर की दूसरी महत्वपूर्ण गतिविधियों को माप सकती है, तो उसके दावों को वैज्ञानिक शोध से साबित करना जरूरी है। फिलहाल टेंपल के ब्रेनफ्लो और एंट्रॉपी फीचर को लेकर वैज्ञानिक प्रमाणों पर सवाल बने हुए हैं।