उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। राजनीतिक पार्टियां अपने वोटों की गोलबंदी को लेकर कमर कसने लगी हैं। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने भी दांव खेलने शुरू कर दिए हैं। अखिलेश यादव 12 दिसंबर, गुरुवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन करने जा रहे हैं। साल 2017 के बाद लगातार सत्ता से दूर रहने वाली समाजवादी पार्टी अब राम के सहारे वैतरणी पार लगाने की उम्मीद में है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या अखिलेश यादव अपने पुराने स्टैंड से पलटने जा रहे हैं? समाजवादी पार्टी 'कारसेवकों पर गोली चलाने वाली सियासी पार्टी' वाले तमगे से बाहर निकलने की तैयारी में है? शायद यही वजह है कि अखिलेश अयोध्या में सिर्फ रामलला के दर्शन ही नहीं करेंगे, बल्कि उनकी सरकार बनी तो अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' भी बनाएंगे, ऐसा दावा समाजवादी पार्टी करने लगी है।
अयोध्या जाना जरूरी या मजबूरी?
बीजेपी अयोध्या में राम मंदिर बनने को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जीत मानती है। इसका असर उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में देखा गया। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बीच बीजेपी प्रचंड बहुमत से 2019 का लोकसभा चुनाव जीती और साल 2022 में भी योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में कामयाब रहे। लेकिन साल 2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के लिए किरकिरी साबित हुआ। राम के घर अयोध्या में बीजेपी हार गई और समाजवादी पार्टी के सांसद चुने गए। जाहिर है, इसके बाद से अखिलेश यादव PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के प्रयोग को सफल बनाने में जुट गए हैं। पीडीए का दायरा कैसे बढ़े, इसलिए अखिलेश ब्राह्मणों को भी साधने में जुटे हैं।
यही वजह है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर हनुमान गढ़ी जाएंगे और वहां से रामलला का दर्शन कर साधु-संतों का आशीर्वाद लेकर ब्राह्मणों को विशेष तौर पर साधने का प्रयास करेंगे।
ब्राह्मण वोटरों की निर्णायक भूमिका
उत्तर प्रदेश में तकरीबन 115 विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण निर्णायक स्थिति में हैं। इनकी भूमिका नैरेटिव तैयार करने में अहम मानी जाती रही है। ब्राह्मण “ओपिनियन मेकर” और “किंगमेकर” समझे जाते हैं।
आबादी के लिहाज से भी तकरीबन 13 फीसदी हैं, जो लोकतंत्र में इनकी भूमिका अहम बनाती है।
ब्राह्मण समाज की आबादी पश्चिमी, पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और मध्य यूपी में मतदाता के तौर पर निर्णायक भूमिका निभाती रही है।
साल 2007 में मायावती के हाथ सत्ता आई थी तो “ब्राह्मण-दलित” सामाजिक गठजोड़ मुख्य वजहों में से एक था। वहीं, साल 2012 में ब्राह्मणों का एक तबका मायावती के गवर्नेंस से नाराज होकर समाजवादी पार्टी के साथ चला गया था और अखिलेश यादव पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। साल 2014 के लोकसभा चुनाव से ब्राह्मण बीजेपी के पक्ष में गोलबंद दिखे हैं। तब से प्रदेश में बीजेपी की दो बार सरकार बन चुकी है और बीजेपी फिर से हैट्रिक लगाने की उम्मीद में है। लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी बीजेपी के इस वोट बैंक पर नजर गड़ाए हुए है।
यूपी में विपक्ष के नेता के तौर पर माता प्रसाद पांडे सहित सांसद सनातन पांडे, अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडे, प्रो. अभिषेक मिश्रा, कुशल तिवारी, विनय तिवारी, बैजनाथ दुबे और संतोष पांडे समाजवादी पार्टी में अहम भूमिका में दिख रहे हैं।
वैसे साल 2022 के चुनाव से पहले भी अखिलेश यादव ने ब्राह्मण कार्ड खेला था और जगह-जगह पर भगवान परशुराम की मूर्ति लगाकर ब्राह्मण वोटों को साधने का प्रयास किया था। लेकिन तकरीबन 79 फीसदी ब्राह्मणों ने बीजेपी के पक्ष में मतदान कर बीजेपी को सत्ता में बिठाने का काम किया। परिणाम बीजेपी के पक्ष में आया और अखिलेश यादव सत्ता से दूर रहे।
अतीत की परछाई से कैसे बाहर निकलेंगे अखिलेश?
सपा प्रमुख अखिलेश दावा कर रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो वह अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाएंगे। वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर देंगे, मंदिर व्यवस्था और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुधारेंगे। लेकिन उनके इस दावे पर भरोसा करना आसान नहीं रहने वाला है। दरअसल, सपा का इतिहास ही अयोध्या में राम मंदिर के विरोध का रहा है।
इतिहास के पन्नों को पलटें तो अयोध्या में कारसेवकों पर चलाई गई गोलियां आज भी लोगों के पुराने जख्मों को हरा कर देती हैं। सपा के दिग्गज नेता मुलायम सिंह से लेकर रामगोपाल यादव तक ने इस गोलीबारी को संसद से लेकर सड़क तक पर जायज ठहराया था। ऐसे में 35 साल बाद अखिलेश द्वारा किया जा रहा यह प्रयास यादों के उन जख्मों पर मरहम लगा सकेगा, ये सवाल अब भी मुंह बाए खड़ा है।
मुलायम सिंह दिवंगत हो चुके हैं और अखिलेश यादव दूसरी पीढ़ी के नेता हैं। लेकिन अखिलेश राम मंदिर का दर्शन करने अब तक नहीं गए हैं। राम मंदिर बनने के बाद यूपी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलों के विधायकों को दर्शन का निमंत्रण दिया था। अखिलेश यादव समेत सभी समाजवादी पार्टी के विधायकों ने इसे अस्वीकार कर दिया था।
अखिलेश अब अयोध्या को सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल दीपोत्सव को उन्होंने ही पैसों की बर्बादी बताया था। समाजवादी पार्टी राम मंदिर के निर्माण की विरोधी रही है। ऐसे में अयोध्या के विकास को लेकर उनके दावों पर सवाल उठना लाजमी है।
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने सीधे इसी मुद्दे को उठाया है और कहा है कि अखिलेश पहले कारसेवकों पर गोली चलाने को लेकर माफी मांगें, तब अयोध्या रामलला का दर्शन करें तो अच्छा रहेगा। लेकिन दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और सांसद सनातन पांडे ने यह कहकर पार्टी का स्टैंड साफ कर दिया कि कारसेवकों पर गोली संविधान को बचाने के लिए चलाई गई थी। मतलब साफ है कि समाजवादी पार्टी अपने पुराने स्टैंड पर अडिग है और इसको लेकर माफी मांगने नहीं जा रही है।
अयोध्या मुद्दे पर बीजेपी को कॉर्नर कर सकेंगे अखिलेश?
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप से लेकर प्रशासनिक खामियों को अखिलेश यादव भुनाना चाह रहे हैं। उनकी रणनीति है कि बीजेपी के प्रमुख मुद्दे को अगर हथिया लिया जाए तो सत्ता के सिंहासन तक पहुंचने से उन्हें कोई रोक नहीं सकेगा। इसलिए वह केंद्र से लेकर प्रदेश की सरकार पर राम मंदिर में चंदा चोरी का आरोप लगाकर घेरते रहे हैं।
अखिलेश यादव की पार्टी अयोध्या से लोकसभा चुनाव में जीत का स्वाद चख चुकी है। लेकिन बीजेपी ने भी अयोध्या को विश्व स्तर पर तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बहुआयामी कदम उठाए हैं। राज्य सरकार अयोध्या को प्राथमिकता देते हुए मास्टर प्लान, शहरी विकास, पर्यटन बुनियादी ढांचा, सड़कें, स्वास्थ्य, सौर शहर और तीर्थ विकास पर बड़े पैमाने पर धनराशि आवंटित या खर्च कर चुकी है।
अयोध्या मास्टर प्लान 2031 में लगभग 85 हजार करोड़ खर्च करने की अनुमानित राशि है, जिसमें शहरी नवीनीकरण से लेकर सरयू रिवर फ्रंट, सार्वजनिक बुनियादी ढांचा शामिल है। फिलहाल 180 से 260 परियोजनाएं 30 हजार करोड़ से लेकर 40 हजार करोड़ की चल रही हैं और 35 विभाग इसको मूर्त रूप देने में जुटा हुआ है।
पर्यटन विभाग अयोध्या में 96-102 परियोजनाओं पर काम कर रहा है, जिसमें तकरीबन 841 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। साल 2024-25 में अयोध्या तीर्थ विकास परिषद द्वारा समग्र विकास के लिए ₹250 करोड़ में से ₹100 करोड़ विकास और ₹150 करोड़ एयरपोर्ट विस्तार के लिए खर्च किया जा चुका है। 2026-27 में ₹150 करोड़ पर्यटन आधारभूत संरचना के नाम पर खर्च किया जाना है।
विकास की कड़ी में राम पथ, पहुंच मार्ग, पार्किंग, सोलर सिटी, अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान आदि के लिए भी राशि आवंटित की जा चुकी है। केंद्र ने मुख्य रूप से कनेक्टिविटी के तौर पर एयरपोर्ट, रेल, पर्यटन योजनाओं पर धनराशि दी है, जो हजारों करोड़ में है।
ऐसे में अखिलेश यादव अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाने के नाम पर स्पेशल क्या देंगे, यह सवाल भी बना हुआ है। जाहिर है, राजनीति के चौसर पर शह और मात का खेल तब तक चरम पर दिखेगा, जब तक 2027 का अगला चुनाव नहीं हो जाता।
अखिलेश यादव पहले 8 अक्टूबर को भागवत कथा में हिस्सा लेने अपनी पार्टी के सहयोगी पवन पांडे के बुलाने पर जाते हैं और अब परिवार के साथ अयोध्या में रामलला का दर्शन कर राम मंदिर निर्माण विरोधी होने के तमगे को धो डालना चाहते हैं, जो हाल की राजनीति में उनके रास्ते में अवरोध पैदा कर रहा है।
सॉफ्ट हिंदुत्व के सहारे सियासी नैया पार करेंगे?
अतीत में समाजवादी पार्टी की मंदिर विरोधी छवि रही है। मुलायम सिंह और कांशीराम की जोड़ी ने ढांचा गिराए जाने के बाद राजनीतिक गठजोड़ किया था और बीजेपी को साल 1993 में यूपी में सरकार बनाने से रोक दिया था।
उस वक्त विरोधी मुलायम सिंह को 'मुल्ला मुलायम' कहने लगे थे।
प्रदेश का राजनीतिक माहौल बदल चुका था और सालों से मजबूती से खड़ी कांग्रेस अपना जनाधार तेजी से गंवा रही थी। मुलायम सिंह मुसलमानों के बीच नए मसीहा के तौर पर देखे जाने लगे थे और मुस्लिम वोट बैंक पर उनकी पकड़ मजबूत हो चुकी थी।
लेकिन साल 2014 में मोदी लहर और साल 2019 में राम मंदिर के पक्ष में कोर्ट का फैसला कहानी पलट चुका है। बीजेपी साल 2017 में पीएम मोदी के चेहरे पर हर रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और साल 2022 में भी पीएम मोदी और योगी के चेहरे ने दोबारा सरकार बनाने में सफलता हासिल की है। जाहिर है, ओबीसी, सामान्य वर्ग और विकास के गठजोड़ ने 2019 में सपा और बसपा के गठजोड़ को बुरी तरह धराशायी कर दिया। साल 2017 में कांग्रेस और सपा का गठजोड़ बुरी तरह फेल हुआ। ऐसे में हिंदू वोटों की गोलबंदी रोकने के लिए अखिलेश यादव एक्टिव दिख रहे हैं।
शंकराचार्य के मसले पर भी समाजवादी पार्टी ने खुलकर उनका साथ दिया था। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद खुलकर राम मंदिर के उद्घाटन का विरोध कर चुके हैं। प्रयागराज माघ मेले में पुलिस के व्यवहार से नाराज होकर उन्होंने योगी सरकार पर भी गंभीर आरोप मढ़े थे। जाहिर है, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इसे राजनीतिक अवसर मानकर शंकराचार्य के पक्ष में बयान दे रही थी, जो मामले को राजनीतिक रंग देने जैसा था। लेकिन याद दिला दें कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अखिलेश यादव के शासन में भी प्रताड़ना झेलनी पड़ी थी। उसी समाजवादी पार्टी ने योगी के शासन में अविमुक्तेश्वरानंद के पक्ष में बयान देकर सरकार को घेरने का प्रयास किया।
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पैनी नजर रखने वाले राजनीतिक विश्लेषक सैयद कासिम कहते हैं कि अखिलेश यादव जानते हैं कि मुसलमानों के पास राजनीतिक तौर पर समाजवादी पार्टी के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। इसलिए हिंदुत्व को मजबूती से पकड़कर वह सेंधमारी के प्रयास में जुट गए हैं। हालांकि ये फलीभूत होने वाला नहीं है।
राजनीतिक विश्लेषक डॉ संजय कुमार की भी मानना है कि मायावती की तरह ब्राह्मणों को साधने में अखिलेश अभी सफल नहीं होने वाले हैं, क्योंकि कारसेवकों पर गोली चलाने के दाग अब तक लोगों के जेहन से मिटे नहीं हैं।
दरअसल, यूजीसी के प्रस्तावित मसौदे को लेकर जब विवाद बढ़ा, तबसे बीजेपी को लेकर ये नैरेटिव जोर पकड़ने लगा कि सामान्य वर्ग में नाराजगी है। लेकिन हाल में संघ प्रमुख के बयान और कोर्ट में हुई चर्चा से लग रहा है कि बीजेपी इस मसले पर रोल बैक कर सकती है।
उधर, अखिलेश यादव द्वारा सैफई में भव्य शिव मंदिर का निर्माण करने के बाद अब अयोध्या जाने की बात करना उनकी सॉफ्ट हिंदुत्व को लेकर नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। जाहिर है, हिंदुत्व को लेकर पार्टी अपने बदले तेवरों से अपनी दशा और दिशा में बदलाव का सिग्नल देने का प्रयास कर रही है। ऐसे में राजनीतिक रूप से अखिलेश यादव का अयोध्या जाकर राम मंदिर जाना फलीभूत हो पाएगा, यह सवाल अब प्रदेश की सियासत में प्रासंगिक हो चुका है।