आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर सबसे बड़ी चिंताओं में से एक है कि यह इंसानों की नौकरियां छीन लेगा। कई ऐसे काम, जिन्हें करने में अभी लोगों को घंटों लगते हैं, AI कुछ ही मिनटों में कर सकता है। ऐसे में रोजगार के भविष्य को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। हालांकि, HCL टेक्नोलॉजीज के पूर्व CEO विनीत नायर का मानना है कि AI कुछ पुरानी नौकरियां जरूर खत्म करेगा, लेकिन इसके साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उनका दावा है कि नए कौशल और नई नौकरियों के अवसर मौजूदा नौकरियों से 10 गुना ज्यादा हो सकते हैं।
सलमान खुर्शीद के कार्यक्रम 'इन कन्वर्सेशन' में बातचीत के दौरान नायर ने कहा कि AI की वजह से नौकरियां खत्म होंगी। इसे लेकर भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। तकनीक का इतिहास भी यही बताता है। कैलकुलेटर आने से गणना के पुराने तरीके बदले, एक्सेल शीट ने हिसाब-किताब का काम बदल दिया और इंटरनेट ने काम करने के तौर-तरीकों में बड़ा बदलाव किया।
पुराने काम जाएंगे, नए अवसर पैदा होंगे
नायर के मुताबिक, AI भी यही करेगा। जिन कामों को लोग अब तक करते आए हैं, उनमें से कई की जरूरत खत्म हो जाएगी। पुराने कौशल और पुराने काम पीछे छूटेंगे। लेकिन दूसरा पहलू भी है।
उन्होंने कहा, 'नई स्किल और नई नौकरियों के अवसर 10 गुना बड़े होने वाले हैं।' इसकी वजह बताते हुए नायर ने कहा कि तकनीक में निवेश बढ़ रहा है, आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और कंपनियों की महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ रही हैं। इसके साथ ही ऐसी समस्याओं की संख्या भी बढ़ेगी, जिनका समाधान अभी तक नहीं खोजा जा सका है। यही नए अवसर पैदा करेगा।
पुरानी स्किल से चिपके रहना सबसे बड़ी गलती
नायर ने कहा कि लोगों को यह सोचकर नहीं बैठना चाहिए कि उनके पास जो कौशल है, वही आगे भी काम आता रहेगा। उन्होंने टाइपिस्ट, रिसेप्शनिस्ट और पुराने तरीके से बहीखाता रखने वाले अकाउंटेंट का उदाहरण दिया। तकनीक आने के बाद इन कामों के तरीके बदल गए और कई पुराने कामों की जरूरत कम हो गई।
उनके मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति यह सोचता रहेगा कि उसका मौजूदा काम और कौशल कभी खत्म नहीं होना चाहिए, तो वह आने वाले अवसरों को पहचान नहीं पाएगा। इसके बजाय लोगों को नए कौशल सीखने और बदलती तकनीक के साथ खुद को तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए।
AI की दौड़ में भारत की ताकत बन सकता है 'जुगाड़'
नौकरियों के अलावा नायर ने AI के क्षेत्र में भारत की संभावनाओं पर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि भारत को अमेरिका और चीन की तरह अत्याधुनिक AI तकनीक बनाने की होड़ में ही नहीं उलझना चाहिए। भारत की असली ताकत इस तकनीक का अलग-अलग समस्याओं को हल करने के लिए नए तरीके से इस्तेमाल करने में हो सकती है।
उन्होंने भारतीयों की 'जुगाड़' वाली सोच को इसकी बड़ी वजह बताया। नायर ने कहा, 'भारतीय बच्चे मुश्किल हालात का सामना करने के लिए ढले हैं। इसलिए वे मुश्किलों से निपटने, इनोवेशन करने और हमेशा नए विकल्प खोजने के लिए तैयार रहते हैं। यही जुगाड़ है। जुगाड़ का मतलब है ऐसे समाधान खोजना, जिनके बारे में दूसरे लोग सोच भी नहीं सकते।'
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भारत में एक बच्चे को सुबह उठने पर पानी न मिलना, लिफ्ट खराब होना, रास्ते में साइकिल पंचर होना या ATM का काम न करना जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी परिस्थितियों में वह हर बार कोई दूसरा रास्ता खोजता है। नायर के मुताबिक, यही परिस्थितियां भारतीय बच्चों में मुश्किलों से निपटने और नए समाधान तलाशने की क्षमता विकसित करती हैं।
उनका कहना है कि भारत को इसी क्षमता का इस्तेमाल AI के क्षेत्र में करना चाहिए। यानी अमेरिका और चीन की तरह अत्याधुनिक AI तकनीक विकसित करने के बजाय ऐसी तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे भारत की अपनी समस्याएं हल हों।
स्वास्थ्य और स्थानीय भाषाओं में AI के बड़े अवसर
नायर ने स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय भाषाओं में AI के इस्तेमाल को भारत के लिए बड़े अवसरों वाला क्षेत्र बताया। उनके मुताबिक, AI की मदद से डॉक्टर की निगरानी में भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जा सकती हैं। इससे शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने और सही सलाह पाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि भारत में स्थानीय भाषाओं में AI सेवाएं विकसित करने की भी काफी संभावनाएं हैं। देश में ऐसी कई समस्याएं हैं, जिनका समाधान तकनीक की मदद से कम लागत में किया जा सकता है।
नायर के मुताबिक, भारत को फिलहाल ड्राइवरलेस कार जैसी तकनीकों की चिंता करने के बजाय उन क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए, जहां AI से आम लोगों की जिंदगी में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है। उनका मानना है कि भारत अपनी समस्याओं को समझकर उनके समाधान तैयार करे, यही AI के दौर में उसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।