दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। वहीं, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके अलावा, जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के चार किलोमीटर के दायरे में रात 10 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन का असर यातायात, रेल, मेट्रो सेवाओं, बाजारों और स्कूल-कॉलेजों पर भी पड़ रहा है। दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने की घोषणा की गई है। वहीं, कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है। कुछ बाजार भी बंद रहेंगे, जबकि कई शिक्षण संस्थानों ने अपना शेड्यूल बदल दिया है।
दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों के गेट रहेंगे बंद
राजधानी में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड और ITO समेत 45 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, संबंधित स्टेशनों के गेट शनिवार की शाम छह बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर बाकी सभी संबंधित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। DMRC ने कहा है कि सुरक्षा एजेंसियां हालात की समीक्षा करने के बाद आगे का फैसला लेंगी। शुरुआती जानकारी में 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रखने की बात कही गई थी।
दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द
प्रदर्शन के चलते सड़कों पर जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं। 9 और 10 अक्टूबर को यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
समाचार एजेंसी ANI ने रेलवे सूत्रों के हवाले से बताया कि यह फैसला उन ट्रेनों पर लागू होगा, जिन्हें 9 अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होना था और जो 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली थीं।
पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) को पांच घंटे की देरी से चलाने का फैसला किया है। वहीं, बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12247) रद्द कर दी गई है।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) मधुर वर्मा ने ANI से कहा, “पश्चिम मध्य रेलवे की कुल पांच ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनमें जबलपुर डिवीजन की तीन, भोपाल डिवीजन की एक और कोटा डिवीजन की एक ट्रेन शामिल हैं।”
इसके अलावा, इंदौर और दिल्ली के बीच चलने वाली कई ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। रतलाम डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस और अगस्त क्रांति एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से चलेंगी।
रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कुल 334 रेलवे पुलिस (GRP) कर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें करीब 120 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।
नमो भारत के दो स्टेशन बंद
दिल्ली के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 9 अक्टूबर की रात नौ बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली) और मोदीनगर (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं तय समय के अनुसार चलती रहेंगी। यात्रियों को इसी हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
‘मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल नहीं किया जाता’
ट्रेन और मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियों का मामला शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के नाम पर सार्वजनिक परिवहन पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती। अदालत ने कहा कि दिल्ली के लोगों की सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंच और स्वतंत्र रूप से आने-जाने के अधिकार की भी रक्षा होनी चाहिए।
इसके साथ ही अदालत ने मौखिक टिप्पणी में कहा, “मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल नहीं किया जाता।”
कनॉट प्लेस और भगीरथ पैलेस में कारोबार बंद
प्रस्तावित प्रदर्शन का असर दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में भी दिखाई देगा। कनॉट प्लेस में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को शनिवार 10 अक्टूबर को बंद रखने की सलाह दी गई है। वहीं, बिजली उपकरणों के बड़े थोक बाजारों में शामिल भगीरथ पैलेस में भी शनिवार को कारोबार नहीं होगा।
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने अधिकारियों की सलाह और इलाके के हालात को देखते हुए कनॉट प्लेस के दुकानदारों और कारोबारियों से 10 अक्टूबर को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। इसमें दुकानें, ऑफिस, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।
स्कूल-कॉलेजों का बदला शेड्यूल, ऑनलाइन होंगी क्लासेज
दिल्ली के कई स्कूलों और कॉलेजों ने भी अपने शेड्यूल में बदलाव किया है। कई संस्थानों में 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। कुछ संस्थानों ने पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) का समय बदला है, जबकि कई जगह कक्षाएं ऑनलाइन कराने का फैसला लिया गया है।
एक स्कूल ने शुक्रवार को छात्रों के लिए स्कूल के बाद रुकने की सुविधा बंद कर दी है। इसके अलावा, शनिवार से शुरू होने वाले ‘एक्टिविटी वीक’ का उद्घाटन भी फिलहाल टाल दिया गया है। इसकी नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
CCTV, ड्रोन और फेस रिकग्निशन सिस्टम से निगरानी
सेंट्रल दिल्ली में निगरानी बढ़ाने के लिए फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS), अतिरिक्त CCTV कैमरे, ऊंची इमारतों की छतों पर निगरानी करने वाले कर्मी और ड्रोन तैनात किए जाएंगे। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 35 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा से महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया है।
संभावित प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने वाले लोगों को छह तय केंद्रों पर ले जाने की व्यवस्था की गई है। इनमें छत्रसाल स्टेडियम, राजीव गांधी स्टेडियम, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल स्टेडियम और दौलतपुर व पंडरावल के कम्युनिटी सेंटर शामिल हैं।
दिल्ली से सटे बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बदरपुर बॉर्डर समेत सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है। गाजियाबाद और आया नगर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। शनिवार सुबह छह बजे से हालात के अनुसार राजधानी में 30 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
इन इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है: शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, रेल भवन, पटेल चौक और RML अस्पताल के आसपास के इलाके।
खासकर नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।